'एक कण भी बाहर नहीं जाएगा', असीम मुनीर के सामने ईरान की दो टूक; क्या ट्रंप का सपना अधूरा रह जाएगा?
ईरान ने साफ कर दिया है कि उसका संवर्धित यूरेनियम देश से बाहर नहीं जाएगा.पाकिस्तान के सेना प्रमुख फील्ड मार्शल असीम मुनीर से मुलाकात में ईरान की सर्वोच्च राष्ट्रीय सुरक्षा परिषद के सचिव मोहसेन रेजाई ने इसे राष्ट्रीय संपदा बताया.
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप बार-बार दोहरा रहे हैं कि वे ईरान को परमाणु शक्ति नहीं बनने देंगे. लेकिन तेहरान ने किसी संभावित समझौते के तहत अपना संवर्धित यूरेनियम सौंपने से इनकार कर दिया है. ईरान ने यह भी दोहराया है कि अमेरिका की ओर से उठाई गई मांगों के पूरा होने तक कोई वार्ता नहीं होगी. मंगलवार को पाकिस्तान के सेना प्रमुख फील्ड मार्शल असीम मुनीर से मुलाकात के दौरान ईरान की सर्वोच्च राष्ट्रीय सुरक्षा परिषद के सचिव मोहसिन रेजाई ने यह रुख साफ किया. उन्होंने कहा कि संवर्धित यूरेनियम को देश से बाहर नहीं भेजा जाएगा.
रेजाई का सख्त संदेश
रेजाई ने इस यूरेनियम को ईरान की राष्ट्रीय संपदा बताया और कहा कि यह देश के भीतर इस्तेमाल के लिए है. टाइम्स ऑफ इजराइल के हवाले से उन्होंने कहा कि संवर्धित परमाणु सामग्री का एक छोटा हिस्सा भी ईरान से बाहर नहीं जाएगा. उनके मुताबिक भरोसा बहाल करने की जिम्मेदारी अमेरिका की है और इसकी शुरुआत ईरान की शर्तें पूरी करने से होनी चाहिए.
पाकिस्तान की कोशिश फिर बेनतीजा
पाकिस्तान काफी समय से अमेरिका और ईरान के बीच शांति वार्ता कराने की कोशिश में जुटा है, लेकिन अब तक उसे कामयाबी नहीं मिली है. मुनीर का मंगलवार का ईरान दौरा इसी दिशा में इस्लामाबाद का एक और प्रयास था. रेजाई के बयान को देखें तो पाकिस्तान को एक बार फिर निराशा हाथ लगी है और उसकी मध्यस्थता की कोशिश खाली गई दिखती है.
Also Read
ट्रंप का दावा, जंग जल्द खत्म होगी
इस साल 28 फरवरी से शुरू हुए ईरान के साथ टकराव को लेकर ट्रंप पर दबाव बढ़ रहा है. पिछले हफ्ते उन्होंने दावा किया कि जंग अपने आखिरी दौर में है और बहुत जल्द खत्म होगी. शनिवार को केंटकी में उन्होंने कहा कि युद्ध खत्म होने के बाद गैस की कीमतें पहले से कम हो जाएंगी.
परमाणु क्षमता पर ट्रंप का दावा
ट्रंप ने यह भी कहा कि ईरान की अपनी पिछली कार्रवाई के दौरान अमेरिका ने उसकी परमाणु क्षमता को तबाह कर दिया था. वे लगातार यही कह रहे हैं कि तेहरान को परमाणु ताकत बनने नहीं दिया जाएगा. मगर रेजाई ने मुनीर से जो कहा, उसे देखते हुए नहीं लगता कि ईरान अपनी परमाणु सामग्री सौंपेगा और टकराव जल्द थमेगा.