ईरान और ओमान की बल्ले-बल्ले! हर महीने होगी मोटी कमाई; होर्मुज से गुजरने वाले प्रत्येक जहाज से वसूलेगा तगड़ा टोल?
अमेरिका-ईरान युद्धविराम योजना में होर्मुज जलडमरूमध्य को फिर से खोलने का प्रावधान शामिल है, जिसमें ईरान और ओमान को जहाजों पर पारगमन शुल्क लगाने की अनुमति दी गई है.
नई दिल्ली: अमेरिका और ईरान के बीच दो सप्ताह के युद्धविराम समझौते में एक ऐसा प्रावधान शामिल है जिससे ईरान और ओमान दोनों देश खुश हैं. अब होर्मुज जलडमरूमध्य से गुजरने वाले हर जहाज पर टोल वसूला जाएगा. यह संकरा जलमार्ग दुनिया के तेल व्यापार का पांचवां हिस्सा संभालता है. युद्ध के दौरान बंद रहे इस रास्ते को फिर खोलने के साथ टोल की व्यवस्था लागू हो रही है.
34 किलोमीटर चौड़े होर्मुज पर पहले कभी कोई टोल नहीं लगाया जाता था क्योंकि इसे अंतरराष्ट्रीय जलमार्ग माना जाता था. खबरों की मानें तो लेकिन अब ईरान और ओमान दोनों को शुल्क लगाने की अनुमति मिल गई है. ईरान का कहना है कि इस पैसे से युद्ध में बर्बाद हुए बुनियादी ढांचे को फिर से खड़ा किया जाएगा. शुक्रवार को इस्लामाबाद में होने वाली बातचीत में इस मुद्दे पर और चर्चा होगी.
होर्मुज पर टोल की नई व्यवस्था
युद्धविराम योजना में साफ प्रावधान है कि ईरान और ओमान होर्मुज से गुजरने वाले जहाजों से पारगमन शुल्क ले सकेंगे. जहाज के आकार, माल और अन्य बातों को देखकर शुल्क तय होगा. ईरान इस आय को युद्ध के बाद के पुनर्निर्माण कार्यों में लगाने वाला है.
ईरान को मोटी कमाई का मौका
तेहरान के अधिकारियों ने कहा है कि इस टोल से हर महीने अच्छी आय होगी. युद्ध के 40 दिनों में देश के रक्षा, प्रशासनिक और नागरिक ढांचे को भारी नुकसान पहुंचा है. अब इस नए राजस्व स्रोत से पुनर्निर्माण में मदद मिलेगी.
ओमान भी होगा फायदा
ओमान भी इस समझौते का हिस्सेदार है. दोनों देश मिलकर टोल प्रोटोकॉल तैयार कर रहे हैं. ईरान के उप विदेश मंत्री काज़ेम ग़रीबाबादी ने कहा कि इसका मकसद नौवहन को रोकना नहीं बल्कि सुगम बनाना है.
खाड़ी देशों का विरोध
संयुक्त अरब अमीरात और कतर समेत कई खाड़ी देशों ने इस टोल व्यवस्था का विरोध किया है. उन्होंने स्वतंत्र और खुले नौवहन की मांग की है. वे कहते हैं कि वित्तीय मसलों पर चर्चा आगे के लिए टाल दी जाए.
UNCLOS कानून का सवाल
संयुक्त राष्ट्र समुद्री कानून (UNCLOS) के अनुसार जलडमरूमध्य से गुजरने के लिए सिर्फ पारगमन शुल्क नहीं लिया जा सकता. केवल नेविगेशन, टगिंग या बंदरगाह जैसी विशिष्ट सेवाओं के लिए सीमित शुल्क लिया जा सकता है.
ट्रंप का बयान और 10 सूत्री योजना
राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा कि ईरान की 10 सूत्री योजना बातचीत के लिए व्यावहारिक आधार है. दो सप्ताह में कई विवादित मुद्दों पर सहमति बन चुकी है. होर्मुज का भविष्य भी इस्लामाबाद वार्ता में चर्चा का विषय रहेगा.
युद्धविराम के बाद क्या
युद्धविराम बुधवार तड़के शुरू हुआ. होर्मुज फिर खुल गया है लेकिन टोल की नई व्यवस्था के साथ. आगे की चर्चाएं शुक्रवार को इस्लामाबाद में अमेरिका, ईरान और पाकिस्तान की मौजूदगी में होंगी.
तेल व्यापार पर असर
होर्मुज दुनिया के तेल का बड़ा रास्ता है. टोल लगने से तेल की कीमतों पर कुछ असर पड़ सकता है. हालांकि ईरान का दावा है कि इससे नौवहन सुगम बनेगा और सुरक्षा भी बढ़ेगी.