शेख हसीना की वापसी को लेकर भारत ने बांग्लादेश की सरकार के सामने रखीं ये दो शर्तें
शेख हसीना की बांग्लादेश वापसी को लेकर भारत की दो कथित शर्तों की चर्चा है. इनमें सैन्य विमान से वापसी और मौत की सजा के खिलाफ अपील का अधिकार शामिल है.
बांग्लादेश की पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना की वापसी को लेकर भारत और बांग्लादेश के बीच कूटनीतिक चर्चा जारी है. इस बीच BBC बांग्ला की एक रिपोर्ट में दावा किया गया है कि भारत ने तारिक रहमान के नेतृत्व वाली बांग्लादेश की BNP सरकार के सामने दो शर्तें रखी हैं. बताया जा रहा है कि भारत इन शर्तों के पूरा होने पर ही हसीना की वापसी के प्रस्ताव पर सहमत हो सकता है. हालांकि, भारत सरकार ने इन कथित शर्तों की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है.
पहली शर्त: सैन्य विमान से बांग्लादेश भेजने की मांग
BBC बांग्ला की रिपोर्ट के मुताबिक, भारत चाहता है कि बांग्लादेश की सेना शेख हसीना को वापस ले जाने की जिम्मेदारी संभाले. इसके लिए ढाका से एक सैन्य विमान भेजने का प्रस्ताव रखा गया है. बताया जाता है कि अगस्त 2024 में बांग्लादेश छोड़ने के बाद हसीना जिस तरह भारत पहुंची थीं, उसी तरह उन्हें सैन्य विमान से वापस भेजने की बात कही गई है.
दूसरी शर्त: कानूनी प्रक्रिया में मिले अपील का अधिकार
भारत की दूसरी कथित शर्त शेख हसीना के खिलाफ बांग्लादेश में चलने वाली कानूनी कार्रवाई से जुड़ी है. रिपोर्ट के अनुसार, भारत चाहता है कि उन्हें मौत की सजा के खिलाफ अपील करने का अधिकार मिले. साथ ही जुलाई 2024 में हुई हत्याओं से जुड़े आरोपों पर नए सिरे से मुकदमे की सुनवाई का अवसर भी दिया जाए.
Also Read
दिसंबर में बांग्लादेश लौटना चाहती हैं हसीना
रिपोर्ट के मुताबिक, भारत में रह रहीं शेख हसीना ने दिसंबर में बांग्लादेश लौटने की इच्छा जताई है. इसके लिए उन्होंने नई दिल्ली स्थित बांग्लादेश दूतावास से अपना पासपोर्ट और राष्ट्रीय पहचान पत्र वापस मांगा है. हालांकि, बांग्लादेश सरकार ने स्पष्ट किया है कि उन्हें वापसी के लिए पासपोर्ट जारी करने का कोई सवाल नहीं है.
भारत ने प्रत्यर्पण पर क्या कहा?
भारत के विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने शुक्रवार को साप्ताहिक प्रेस ब्रीफिंग में इस मामले पर कहा कि प्रत्यर्पण एक कानूनी विषय है और इससे जुड़े मामले को उसी के अनुसार निपटाया जाएगा. उन्होंने भारत के रुख को कानूनी प्रक्रिया तक सीमित रखा.
BNP ने हसीना की वापसी की कोशिशों पर उठाए सवाल
बांग्लादेश नेशनलिस्ट पार्टी (BNP) के संयुक्त महासचिव और सांसद खैरुल कबीर खोखोन ने ANI से बातचीत में हसीना की वापसी की कोशिशों को राजनीतिक स्टंट बताया. उनका आरोप है कि पासपोर्ट मांगने जैसे कदमों का मकसद देश में अस्थिरता पैदा करना है. उन्होंने कहा कि हसीना पर मानवता के खिलाफ अपराध, अपहरण और हत्या जैसे गंभीर आरोप हैं. उनके मुताबिक, बांग्लादेश में उनकी राजनीतिक भूमिका को पहले ही खारिज किया जा चुका है और अब उनकी राजनीति में वापसी की कोई संभावना नहीं है.