'प्रधानमंत्री फोन टैप नहीं करते', राहुल गांधी के ही विरोध में उतरे कांग्रेस के सैम पित्रोदा

राहुल गांधी के फोन टैपिंग के आरोपों के बीच कांग्रेस नेता सैम पित्रोदा का बयान चर्चा में है.

Pinterest
Reepu Kumari

किसी भी व्यक्ति के लिए उसका निजी फोन और उसमें मौजूद जानकारी बेहद अहम होती है. ऐसे में जब फोन टैपिंग जैसे आरोप सामने आते हैं, तो निजता और निगरानी को लेकर सवाल उठने लगते हैं. इन दिनों कांग्रेस नेता राहुल गांधी के एक ऐसे ही आरोप ने राजनीतिक चर्चा तेज कर दी है. इसी बीच कांग्रेस के वरिष्ठ नेता सैम पित्रोदा ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को लेकर ऐसी बात कही है, जिसने इस विवाद को नया मोड़ दे दिया है.

प्रधानमंत्री को लेकर पित्रोदा ने क्या कहा?

NDTV को दिए एक खास इंटरव्यू में म पित्रोदा ने राहुल गांधी के आरोपों से खुद को अलग रखते हुए कहा कि प्रधानमंत्री ऐसा नहीं करते. उन्होंने अपनी बात समझाने के लिए कहा कि प्रधानमंत्री कोई पेचकस लेकर कंप्यूटर पर नहीं बैठ जाते. उनके इस बयान को राहुल गांधी के दावे के संदर्भ में देखा जा रहा है. पित्रोदा ने प्रधानमंत्री को सीधे तौर पर फोन टैपिंग से जोड़ने वाली बात पर भरोसा नहीं जताया.

अपने फोन और लैपटॉप को लेकर जताई आशंका

प्रधानमंत्री का बचाव करने के साथ ही पित्रोदा ने अपने निजी उपकरणों को लेकर चिंता जाहिर की. उन्होंने कहा कि उनका फोन टैप हो रहा है, लैपटॉप पर हमले हो रहे हैं और बैंक खातों पर निगरानी रखी जा रही है. पित्रोदा के मुताबिक, उन्होंने विशेषज्ञों से सलाह ली थी. विशेषज्ञों ने उनके उपकरणों की जांच के बाद उन्हें फोन टैपिंग को लेकर आगाह किया.


किस पर लगाया शक, यह नहीं बताया

सैम पित्रोदा ने यह स्पष्ट नहीं किया कि उन्हें किस व्यक्ति या एजेंसी पर अपने फोन की निगरानी करने का शक है. उन्होंने कहा कि कोई ऐसा कर रहा है, लेकिन उन्हें नहीं पता कि इसके पीछे कौन है. उन्होंने यह भी कहा कि वह इस स्थिति के साथ जी रहे हैं और उन्हें इससे कोई परेशानी नहीं है. उनके इस बयान ने फोन टैपिंग से जुड़ी चर्चा को और बढ़ा दिया.

राहुल गांधी ने क्या आरोप लगाए थे?

पित्रोदा का बयान ऐसे समय आया है, जब राहुल गांधी ने केंद्र सरकार पर उनका फोन टैप कराने का आरोप लगाया था. शुक्रवार को राहुल ने दावा किया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को इसकी जानकारी है. उन्होंने कहा कि उनके फोन में इससे जुड़े सबूत मौजूद हैं. राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री को आमने-सामने बहस करने की चुनौती भी दी थी. कांग्रेस ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर उनका वीडियो साझा किया था.

BJP ने आरोपों को किया खारिज

राहुल गांधी के आरोपों पर बीजेपी ने सवाल उठाए हैं. पार्टी का कहना है कि राहुल चर्चा में बने रहने के लिए इस तरह के दावे करते हैं. पूर्व केंद्रीय मंत्री राजीव चंद्रशेखर ने भी उनके आरोपों को खारिज करते हुए तीखी प्रतिक्रिया दी. ऐसे में एक ओर राहुल गांधी फोन टैपिंग का दावा कर रहे हैं, वहीं सैम पित्रोदा का बयान इस पूरे मामले में अलग चर्चा का विषय बन गया है.