menu-icon
India Daily

अफगानिस्तान पर हमले को लेकर पाकिस्तान पर भड़का भारत, विदेश मंत्रालय ने की हवाई हमलों की निंदा

अफगानिस्तान में पाकिस्तान के लगातार हवाई हमलों की भारतीय विदेश मंत्रालय ने कड़ी निंदा की है...

Ashutosh Rai
Edited By: Ashutosh Rai
अफगानिस्तान पर हमले को लेकर पाकिस्तान पर भड़का भारत, विदेश मंत्रालय ने की हवाई हमलों की निंदा
Courtesy: X

पड़ोसी मुल्क अफगानिस्तान में पाकिस्तान लगातार हवाई हमलें कर रहा हैं. इसको लेकर भारत ने सख्त रुख अपनाया है. विदेश मंत्रालय (MEA) ने साफ तौर पर कहा कि भारत इसे पाकिस्तान की तरफ से आक्रामकता का एक और उदाहरण मानता है. साथ ही इस हमले में मासूम नागरिकों की मौत की कड़ी निंदा करता है.

विदेश मंत्रालय का बयान

विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने शनिवार को मीडिया से बातचीत में कहा, "भारत अफगानिस्तान के क्षेत्र में पाकिस्तान द्वारा किए गए हवाई हमलों की निंदा करता है, जिसके कारण कई आम नागरिक मारे गए हैं और नागरिक बुनियादी ढांचे को नुकसान पहुंचा है." उन्होंने X पर एक पोस्ट में यह भी कहा कि यह घटना एक संप्रभु अफगानिस्तान के विचार के प्रति पाकिस्तानी सत्ता प्रतिष्ठान की लगातार शत्रुता को दर्शाती है.

संप्रभुता और क्षेत्रीय अखंडता का सम्मान करे: विदेश मंत्रालय

जायसवाल ने जोर देकर कहा कि अफगानिस्तान की संप्रभुता और क्षेत्रीय अखंडता का पूरी तरह से सम्मान किया जाना चाहिए. उन्होंने कहा, "यह पाकिस्तानी सत्ता प्रतिष्ठान द्वारा आक्रामकता का एक और कृत्य है, जो एक संप्रभु अफगानिस्तान के विचार के प्रति शत्रुतापूर्ण बना हुआ है."

काबुल और कंधार पर गिरे बम

गौरतलब है कि शुक्रवार रात पाकिस्तान ने अफगानिस्तान के अंदर हवाई हमले किए, जिसमें राजधानी काबुल और कंधार हवाई अड्डे के पास स्थित एक ईंधन डिपो को निशाना बनाया गया. तालिबान सरकार के प्रवक्ता के मुताबिक, इन हमलों में कम से कम चार लोगों की मौत हो गई और 15 अन्य घायल हो गए. काबुल पुलिस के प्रवक्ता खलील ज़ादरान ने बताया कि बमबारी ने राजधानी के रिहायशी इलाकों को निशाना बनाया.

निजी एयरलाइन का ईंधन डिपो भी तबाह

हमले में काम एयर नाम की निजी एयरलाइन का ईंधन डिपो भी तबाह हो गया. पाकिस्तानी सेना ने आधिकारिक बयान नहीं दिया है, लेकिन एक पाकिस्तानी सुरक्षा सूत्र ने AFP को बताया कि इन हमलों में तहरीक-ए-तालिबान पाकिस्तान (TTP) से जुड़े आतंकवादियों को निशाना बनाया गया, जिसे पाकिस्तानी तालिबान भी कहा जाता है.

क्या है पूरा मामला?

इस्लामाबाद का आरोप है कि अफगानिस्तान में TTP के आतंकवादी पनाह लिए हुए हैं और पाकिस्तान के अंदर घातक हमलों को अंजाम दे रहे हैं. हालांकि, काबुल में तालिबान सरकार इन आरोपों से इनकार करती है और कहती है कि अफगान धरती का इस्तेमाल किसी भी देश के खिलाफ नहीं हो रहा है.