Rahul Gandhi

इमरान खान की बहन को पुलिस ने किया गिरफ्तार, मुनीर के राज में कोर्ट के ऑर्डर की खुलेआम उड़ रही धज्जियां

पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान को लेकर अक्सर तनावपूर्ण माहौल देखने को मिलता है. इसी कड़ी में अब एक बार फिर इमरान की बहनों को उनसे जेल में मिलने नहीं दिया गया है.

X
Praveen Kumar Mishra

नई दिल्ली: रावलपिंडी की अडियाला जेल के बाहर एक बार फिर तनावपूर्ण माहौल बन गया. पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री और पाकिस्तान तहरीक-ए-इंसाफ (PTI) के संस्थापक इमरान खान से मिलने की कोशिश करने वाली उनकी बहनों और पार्टी नेताओं को रोक दिया गया. 

इससे नाराज होकर उन्होंने जेल के बाहर धरना शुरू कर दिया, जिसके बाद पुलिस ने सख्त कार्रवाई की. बता दें कि इमरान खान की बहनों का आरोप है कि कोर्ट के आदेश का पालन नहीं किया जा रहा है.

जेल प्रशासन ने फिर रोकी मुलाकात

इस्लामाबाद हाई कोर्ट के आदेश के बावजूद इमरान खान से उनके परिवार और पार्टी नेताओं की मुलाकात नहीं होने दी जा रही है. कोर्ट ने मार्च में निर्देश दिया था कि इमरान खान को हफ्ते में दो बार मंगलवार और गुरुवार को मुलाकात की इजाजत दी जाए. 


हालांकि, बार-बार यह आदेश नजरअंदाज किया जा रहा है. हाल ही में मंगलवार को इमरान की बहनें अलीमा खान, नूरीन खान और उज्मा खान पार्टी नेताओं के साथ जेल पहुंचीं लेकिन उन्हें अंदर जाने नहीं दिया गया.

प्रदर्शन और पुलिस कार्रवाई

मुलाकात न होने पर अलीमा खान ने जेल के बाहर प्रदर्शन शुरू कर दिया. उन्होंने कहा कि वे तब तक नहीं हटेंगी जब तक भाई से मिलने की अनुमति नहीं मिलती. पीटीआई कार्यकर्ता भी बड़ी संख्या में जुट गए और नारे लगाने लगे. 

स्थिति बिगड़ते देख पुलिस ने वाटर कैनन का इस्तेमाल किया और प्रदर्शन को तितर-बितर करने की कोशिश की. इसके बाद पुलिस ने अलीमा खान सहित उनकी बहनों और कुछ पार्टी नेताओं को गिरफ्तार कर लिया. गिरफ्तारी के दौरान जेल के बाहर काफी हंगामा हुआ.

अलीमा खान का बयान

मीडिया से बात करते हुए अलीमा खान ने अधिकारियों की आलोचना की. उन्होंने कहा कि सरकार और जेल प्रशासन जानबूझकर इमरान खान को अलग-थलग रख रहे हैं. 

अलीमा ने यह भी बताया कि इमरान खान ने जेल से ही खैबर पख्तूनख्वा के मुख्यमंत्री सोहैल अफरीदी को बड़े आंदोलन की तैयारी करने के निर्देश दिए हैं. उन्होंने चेतावनी दी कि परिवार और पार्टी लगातार जेल के बाहर प्रदर्शन करते रहेंगे.

पीटीआई नेताओं की प्रतिक्रिया

पीटीआई के महासचिव सलमान अकरम राजा ने कहा कि कैदी का अपने परिवार से मिलना उसका बुनियादी अधिकार है. उन्होंने आरोप लगाया कि इमरान खान को एकांत कारावास में रखा गया है. पार्टी नेताओं ने सरकार से कोर्ट के आदेश का पालन करने और नियमित मुलाकात की अनुमति देने की मांग की.