Sawan 2026

अस्पताल तबाह, कई घरों की ढही दीवारें...मलबे में दबी मासूम जिंदगियां, वीडियो में देखें कोलंबिया की तबाही

कोलंबिया में आए 7.4 तीव्रता के शक्तिशाली भूकंप ने पश्चिमी और मध्य हिस्से में भारी तबाही मचा दी. कई इमारतें ढह गईं, सड़कें मलबे से पट गईं और कम से कम 111 लोगों की मौत हो गई. सैकड़ों लोग घायल हैं, जबकि बचाव दल अब भी मलबे में फंसे लोगों की तलाश कर रहे हैं.

X (@TaraBull, @volcaholic1)
Shanu Sharma

कोलंबिया में सोमवार, 10 अगस्त की सुबह करीब 7:34 बजे धरती जोरदार झटकों से हिल उठी. भूकंप की तीव्रता 7.4 बताई गई और इसका केंद्र चोको प्रांत में सैन होसे डेल पाल्मार के पास था. 

भूकंप का केंद्र जमीन से लगभग 100 से 110 किलोमीटर नीचे था. इतनी गहराई के बावजूद इसके झटके पश्चिमी और मध्य कोलंबिया के बड़े हिस्से में महसूस किए गए. 

111 लोगों की मौत, सैकड़ों घायल

भूकंप के बाद पेरेइरा, कैली, मनीजालेस और आसपास के इलाकों में सबसे ज्यादा नुकसान की खबर है. कई मकान और इमारतें ढह गईं, जबकि सड़कों पर मलबा फैल गया. शुरुआती जानकारी में मृतकों की संख्या 79 बताई गई थी, लेकिन बाद में अधिकारियों ने कम से कम 111 लोगों की मौत की पुष्टि की. सैकड़ों लोग घायल हैं और कई लोगों के अब भी मलबे में फंसे होने की आशंका है. बचाव दल लगातार तलाशी अभियान चला रहे हैं. भूकंप के कुछ ही समय बाद 5.0 तीव्रता का एक और झटका आया, जिससे लोगों में दहशत और बढ़ गई.


वैज्ञानिकों के अनुसार इस भूकंप के पीछे जमीन के भीतर प्लेटों के क्षैतिज खिसकने की प्रक्रिया को जिम्मेदार माना जा रहा है. भूकंप की अधिक गहराई के कारण इसकी ऊर्जा बड़े क्षेत्र में फैली. इसके बावजूद कमजोर और पुरानी इमारतों को भारी नुकसान हुआ. अधिकारियों का कहना है कि कई क्षेत्रों में नुकसान का पूरा आकलन अभी बाकी है, इसलिए मृतकों की संख्या बढ़ने की आशंका बनी हुई है.