होंडुरास में बंदूकधारियों ने की गोलीबारी, दो अलग-अलग हमलों में 25 लोगों की मौत
सेंट्रल अमेरिका के होंडुरास में गुरुवार को एक बड़ी घटना हुई. इसमें अज्ञात बंदूकधारियों ने दो अलग-अलग हमले किए. इन हमलों में करीब 25 लोग मारे गए.
नई दिल्ली: सेंट्रल अमेरिका के होंडुरास में गुरुवार को एक बड़ी घटना हुई. इसमें अज्ञात बंदूकधारियों ने दो अलग-अलग हमले किए. इन हमलों में करीब 25 लोग मारे गए. इनमें 6 पुलिस अधिकारी भी शामिल हैं. बता दें कि पहला हमला उत्तरी होंडुरास के ट्रुजिलो में एक प्लांटेशन में हुआ. यहां करीब 19 मजदूरों को गोली मारी गई. वहीं, दूसरा हमला ग्वाटेमाला की सीमा के पास ओमोआ शहर में हुआ. यहां पर बंदूकधारियों ने पुलिस अधिकारियों के एक ग्रुप पर गोलियां चला दीं.
इस हमले में एक वरिष्ठ अधिकारी समेत 6 अधिकारी मारे गए. बता दें कि ये सभी टेगुसिगाल्पा से ओमोआ जा रहे थे. इसी समय इन पर हमला कर दिया गया. बता दें कि ट्रुजिलो इलाके में पिछले कई वर्षों से जमीन विवाद और कृषि संबंधी संघर्ष चल रहे हैं. सिर्फ इतना ही नहीं, यह क्षेत्र पर्यावरणविदों के लिए बहुत खतरनाक माना जाता है.
पहले भी हो चुके हैं ऐसे हमले:
2024 की बात करें तो इस दौरान होंडुरास में करीब 5 पर्यावरण कार्यकर्ताओं की हत्या कर दी गई थी. कई मानवाधिकार समूहों ने उन लोगों के खिलाफ खतरों, धमकियों और हत्याओं पर चिंता जताई है, जो जमीन और प्रकृति के लिए आवाज उठाते हैं. इस तरह के हमलों से संबंधित हाल ही में, पर्यावरण नेता जुआन लोपेज की हत्या के आरोप में तीन लोगों को गिरफ्तार किया गया था.
होंडुरास देश लंबे समय से गैंग्स और ड्रग तस्करी की वजह से अपराध बहुत ज्यादा बढ़ गए हैं. हालांकि, देखा जाए तो पिछले कुथ समय में हत्याओं की संख्या में कमी आई है, लेकिन फिर भी हिंसा एक बड़ी समस्या बनी हुई है. यहां की सरकार ने अपराध रोकने के लिए पुलिस और सेना का भारी इस्तेमाल शुरू कर दिया है.