नेपाल में लैंडिंग करते समय क्रैश हुआ हेलीकॉप्टर, अंतिम संस्कार में जा रहे थे एक ही परिवार के 5 लोग; वीडियो आया सामने

नेपाल के खोटांग जिले में लैंडिंग के दौरान एक हेलीकॉप्टर दुर्घटनाग्रस्त हो गया. सभी यात्री सुरक्षित बच निकले, केवल एक व्यक्ति को हल्की चोट आई. हादसे का कारण तेज हवा या धूल माना जा रहा है.

x
Anuj

नई दिल्ली: बुधवार को नेपाल के खोटांग जिले में एक हेलीकॉप्टर हादसे ने स्थानीय लोगों को दहशत में डाल दिया. काठमांडू से उड़ान भरकर जा रहा एयर डायनेस्टी का हेलीकॉप्टर खेत में लैंडिंग के दौरान अचानक असंतुलित होकर पलट गया.

घटना के वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहे हैं, जिनमें हेलीकॉप्टर को पहाड़ी इलाके में उतरते समय गिरते देखा जा सकता है. राहत की बात यह रही कि सभी यात्री सुरक्षित हैं और केवल एक व्यक्ति को मामूली चोट आई.

लैडिंग के समय हुआ हादसा

यह दुर्घटना बालाबेसी इलाके में हुई, जहां पायलट द्वारा हेलीकॉप्टर को खेत में उतारने का प्रयास किया जा रहा था, लेकिन लैंडिंग के दौरान अचानक संतुलन बिगड़ने से वह पलट गया और उसका पिछला हिस्सा पहाड़ी से टकरा गया. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हादसा कुछ ही सेकंड में हो गया. 

हेलीकॉप्टर में एक ही परिवार के लोग सवार थे, जो अंतिम संस्कार में शामिल होने के लिए जा रहे थे. नेपाल नागरिक उड्डयन प्राधिकरण (क्यान) के अनुसार, यह हेलिकॉप्टर सुबह करीब 11 बजे काठमांडू से रवाना हुआ था और निर्धारित गंतव्य की ओर जा रहा था. लैडिंग के समय हादसा हो गया. हालांकि, राहत की बात यह रही कि इस दुर्घटना में किसी की जान नहीं गई. 

तेज हवा या धूल हादसे का कारण?

प्रारंभिक जांच में तेज हवा और लैंडिंग के समय उड़ने वाली धूल को हादसे का कारण माना जा रहा है. विशेषज्ञों का कहना है कि पहाड़ी इलाकों में ऐसी परिस्थितियां पायलट के लिए चुनौतीपूर्ण होती हैं, जिससे नियंत्रण खोने का खतरा बढ़ जाता है.

एक व्यक्ति को आई चोट

हादसे के तुरंत बाद स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और यात्रियों को बाहर निकाला. घायल यात्री को दूसरे हेलीकॉप्टर के जरिए काठमांडू भेजा गया. बाकी सभी यात्री और चालक दल पूरी तरह सुरक्षित हैं, जिससे बड़ी जनहानि टल गई.

प्रशासन ने क्या कहा?

जिला प्रशासन ने पुष्टि की है. लैंडिंग के दौरान हेलीकॉप्टर दुर्घटनाग्रस्त हो गया. अधिकारियों ने विस्तृत जांच के आदेश दे दिए हैं और कहा है कि जल्द ही हादसे की पूरी वजह सामने लाई जाएगी.