IPL 2026 West Bengal Assembly Election 2026 Assembly Election 2026 US Israel Iran War Tamil Nadu Assembly Election 2026

नसों में खून जमा देती है ऑक्टेवियस की कहानी, वो समुद्री जहाज जिसके पास जाने पर तय है मौत!

Haunted Ship of Octavius: अटलांटिक महासागर की गहराइयों में, जहां सूरज की किरणें भी नहीं पहुंच पातीं, एक भयानक अफवाह तैरती है. एक जहाज की अफवाह, जिसे ऑक्टेवियस कहा जाता है. ये कोई साधारण जहाज नहीं है, बल्कि एक भूतहा जहाज है, जिसकी कहानी सुनते ही नसों में खून जम जाता है.

Freepik AI Generated
India Daily Live

Haunted Ship of Octavius: बात 1847 की है, जब समुद्र और उसके रहस्यों से दुनिया बहुत ज्यादा आकर्षित थी और उन रहस्यों का पता लगाने की खोज में हर रोज एक नए दिन अभियान निकलते थे. ऐसी ही एक खोज में कुख्यात कप्तान एडवर्ड फ्रेंकलिन ने भी अपने ऑक्टेवियस जहाज का एक खोजी अभियान निकाला.

इसमें चालकों का दल उस समय के आधुनिक हथियारों और तकनीक से लैस था. फ्रेंकलिन का मकसद समुद्र की गहराइयों के राज खोलना था और ये पता लगाना था कि मानव सभ्यता का महासागर की गहराइयों से क्या कनेक्शन है. इस खोजी अभियान को निकले कई हफ्ते और महीन बीत गए थे लेकिन इसकी कोई खबर नहीं मिल रही थी.

समुद्र में आने वाले विशाल भंवर और समुद्री तूफान से जूझते हुए ऑक्टेवियस मानो समय और दुनिया से कहीं दूर निकल गया था.  कई महीनों के बाद, अचानक, एक दिन गहरे धुंध के बीच अटलांटिक महासागर के खूबसूरत किनारे पर कुछ भयानक तस्वीर नजर आई,

जब लोगों ने उसे देखा तो समझ आया कि ये ऑक्टेवियस ही था, पर अब उसकी हालत पहले जैसे नहीं थी. जहाज के पाले हवा में फटे हुए लटक रहे थे, मानो किसी दैत्यकारी जीव के पंजों में फंसे हों. जहाज के रंग में अब वो लालिमा नहीं थी जो उसके अभियान पर निकलने से पहले थी, वो अब फीका पड़ चुका था, जैसे समुद्र की गहराई में बसे अंधेरे की चादर ने जहाज को अपनी आगोश में लपेट रखा हो.

जहाज के नजारे ने उड़ा दिए थे होश

जहाज पर एक अजीब सी खामोशी घेरे हुए थी, जो किसी भयानक तूफान के गुजर जाने के बाद की शांति से ज्यादा खौफनाक थी. महीनों के इंतजार के बाद पहली बार ऑक्टेवियस की झलक मिली थी, जैसे ही बचाव दल को इसका पता चला तुरंत एक टीम को मुआयना करने के लिए भेज दिया गया.

इस जहाज पर जब बचाव दल चढ़ा तो उनके पैर भी डगमगा गए. जहाज पर एक अजीब सी बदबू फैली हुई थी जैसे हवा में खून की सड़ी गंध घुल गई हो, हर तरफ खून के धब्बे बिखरे हुए थे, जैसे किसी राक्षस ने मन भर जाने तक कोई खूनी खेल खेला हो और इन सबके बीच पसरा था गहरा सन्नाटा.

तलाशी में मिली लॉगबुक जिसमे था एलियन शहर का जिक्र

बचाव दल को जहाज पर कप्तान फ्रेंकलिन और उनके खोजी दल का कोई सुराग नहीं मिला, जैसे कि वो कभी इस जहाज पर थे ही नहीं, डेक का नजारा इतना खौफनाक था कि बचाव दल के माथे से लगातार पसीना बह रहा था पर शरीर पूरी तरह से बर्फ बना हुआ था. बचाव दल को तलाशी के दौरान जहाज के एक सूनसान कोने में एक लॉगबुक मिली जो कि थोड़ी जली हुई भी थी.

इसे खोलने पर पता चला कि यह लॉगबुक कप्तान फ्रैंकलिन की थी जिसमें उन्होंने जहाज पर हुई उन भयावह घटनाओं का जिक्र किया था और अपने आखिरी शब्द भी इसी डायरी में दर्ज किए थे. फैंकलिन के वो आखिरी शब्द जहाज पर घटे भयावह सच की दास्तां को बयां कर रहे थे.

फ्रेंकलिन ने अपनी लॉगबुक में एक एलियन शहर का जिक्र किया था जो इंसानों ने ही बसाया था लेकिन शायद वक्त की लहरों में वो कहीं खो गया था. फ्रेंकलिन ने लिखा था कि वो समुद्र की अथाह गहराई में मानव सभ्यता के सबूत तलाश रहे थे तभी उन्हें एक प्राचीन शहर के अवशेष मिले. जब हम शहर में घुसे तो हमें अजीबो गरीब जीव रहते नजर आए, जिनकी आंखों में मौत का साया छाया हुआ था.

उनकी हर हरकत किसी डरावने टॉर्चर का नया उदाहरण थी. जब तक हम उस शहर में घूमे तब तक हमें कुछ नहीं हुआ लेकिन जहाज के कुछ साथियों ने लालच में आकर उसकी एक मूर्ति को छूने की गलती की और यहां से शुरू हो गया मौत का तांडव! डर और मौत का यह तांडव कुछ अजीब घटनाओं के साथ शुरू हुआ. हमारे जहाज को एक अजीब तूफान ने घेर लिया और धीरे-धीरे हमारी टीम का हर एक मेंबर एक-एक कर के गायब होने लगा.

अधूरी थी लॉगबुक की आखिरी लाइन

मौत के साये ने धीरे-धीरे हम सब को घेर लिया और अंत में हमारे जहाज को निगल गया. फ्रेंकलिन की लॉगबुक की आखिरी लाइन अधूरी थी, मानो जब वो अपनी लॉगबुक लिख रहा था तभी जहाज पर मौत के खेल का आनंद ले रहे राक्षस की नजर उस पर पड़ी जो अपने दल का आखिरी सदस्य बचा था और उसके बाद जो भयानक घटना हुई उससे उसे अपनी वो लाइन पूरा करने का मौका ही नहीं मिला.

लॉगबुक को अपने कब्जे में ले लिया गया और खोजी दल ऑक्टेवियस से बाहर निकल उसे किनारे लाने की कोशिश करने लगा लेकिन तभी एक तूफान आया और जहाज गायब हो गया. तब से, अफवाहें उड़ने लगीं कि ऑक्टेवियस जहाज भूतहा हो गया है.

आज भी उसे देखे जाने का दावा करते हैं लोग

समुद्र के सीने को पार कर अक्सर एक देश से दूसरे देश जाने वाले जहाज पर सवार कई लोगों ने दावा किया है कि कभी-कभी रात के घनघोर अंधेरे में उन्हें आज भी किनारे पर खड़े ऑक्टेवियस जहाज का भयानक साया नजर आता है. देखने वालों के अनुसार जहाज की टूटी हुई खिड़कियों कुछ लाल सा चमकता है जैसे दो आंखे उन्हें घूर रही हों और जहाज के टूटे मास्ट से भयानक आवाजें आती हैं जैसे कि वहां पर कुछ लोग फंसे हों और खुद को बचाने की गुहार लगा रहे हैं.

कहते हैं कि अगर कोई जहाज ऑक्टेवियस के बहुत करीब चला जाता है, तो उसकी भी मौत तय हो जाती है क्योंकि तभी एक तूफान आता है और समुद्र में जन्मा भंवर से उसे अपनी गहराइयों में खींच ले जाता है. यही वजह है कि जब भी उस जहाज का पता लगाने की कोई कोशिश करता है तो वो खुद समुद्र की गहराइयों में खो जाता है.

सच की खोज में गए जहाजों के साथ भी हुआ वैसा ही हादसा

कुछ साल पहले कुछ साहसी लोगों के दल ने ऑक्टेवियस की कहानियों को अफवाह साबित करने का फैसला किया और मॉर्डन टेक्नॉलजी से लैस होकर उस भूतहा जहाज की तलाश में निकल पड़े. कई हफ्तों की खोज के बाद उन्हें कामयाबी भी मिली और उन्हें धुंध और बादलों के बीच एक टूटा-फूटा जहाज नजर आया.

समुद्र के बीचों बीच खड़ा ये जहाज ऑक्टेवियस ही था जिसके ठीक ऊपर काले बादल छाए हुए थे और हवा में मौत का सन्नाटा था. ऑक्टेवियस की कहानी को अफवाह साबित करने की इच्छा में ये साहसी दल हिचकिचाया नहीं और उसने इसके पास जाने का फैसला किया. जहाज पर चढ़ने के बाद खोजी दल को एक अजीब सी ठंडक का एहसास होता है.

जहां पहली बार खोजी दल को फ्रेंकलिन की लॉगबुक मिली थी उस जगह पहुंचने पर उन्हे एक नई लॉगबुक मिलती है जो कुछ साल पहले इस खोजी दल की तरह ऑक्टेवियस की कहानी की सच्चाई पता करने निकला था. इस लॉगबुक में लिखे शब्द भी दहशत भरे थे जिसमें जहाज पर चढ़ने के बाद लोगों की चीख और फुसफुसाहट भरे कुछ मंत्रों का जिक्र था, पर हैरानी की बात ये थी कि जहाज पर कोई नजर नहीं आ रहा था.

समुद्र की गहराइयों में खो गया बचाव दल 

उस खोजी दल ने जहाज पर ही रात बिताने का फैसला किया लेकिन ये उनकी सबसे बड़ी गलती साबित हुआ क्योंकि रात होते ही, जहाज के अंदर अंधेरे कोनों से डरावने साये निकलने लगे जिनकी आंखों में खून का रंग था और चेहरे पर डरावनी मुस्कान. फ्रेंकलिन के क्रू की तरह इस जहाज के भी मेंबर्स एक-एक कर के गायब होने लगे और जैसा कि फ्रेंकलिन की लॉगबुक में हुआ था इस लॉगबुक की आखिरी लाइन भी अधूरी थी.

सच का पता लगाने निकले इस खोजी जहाज ने जैसे ही लॉगबुक की आखिरी लाइन पढ़ी उसके बाद उनका भी कोई ट्रांसमिशन कट गया गया और तब से वो जहाज भी गायब है. माना जाता है कि ऑक्टेवियस के भूतों ने उन्हें भी अपने साथ खींच लिया है. ये आखिरी बार था जब किसी जहाज ने ऑक्टेवियस की सच्चाई पता लगाने की कोशिश की और इसके बाद कोई भी जहाज ऑक्टेवियस के करीब जाने का रिस्क नहीं लेता.

समुद्र की कहानी सुनाने वालों के अनुसार डर को भी डराने वाला ऑक्टेवियस जहाज आज भी अटलांटिक महासागर के बेरहम पानी में अपनी भयानक कहानी लिए घूमता है, जो कि एक चेतावनी है कि जानने की इच्छा और लालच की अंधी गलियों में खोने से बचें.