menu-icon
India Daily

गुजरात की महिला की अमेरिका में गोली मारकर हत्या,सीसीटीवी कैमरे में कैद हुई वारदात

गुजरात की एक महिला की अमेरिका में गोली मारकर हत्या कर दी गई है. पूरी वारदात सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है. पुलिस मामले की जांच कर रही है.

Kuldeep Sharma
Edited By: Kuldeep Sharma
गुजरात की महिला की अमेरिका में गोली मारकर हत्या,सीसीटीवी कैमरे में कैद हुई वारदात
Courtesy: @DixitGujarat

नई दिल्ली: अमेरिका में एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है जहां गुजरात के मेहसाणा जिले की रहने वाली मेघना पटेल नाम की महिला की उनके ही स्टोर में लूटपाट के दौरान गोली मारकर हत्या कर दी गई. यह पूरी दर्दनाक घटना दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई. इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद स्थानीय लोगों और भारतीय समुदाय के बीच गहरा शोक और गुस्सा है.

गुजरात की रहने वाली थी मेघना

मेघना पटेल मूल रूप से गुजरात के मेहसाणा जिले में विजापुर तालुका के जांतराल गांव की रहने वाली थीं. वे पिछले कई सालों से अपने परिवार के साथ अमेरिका में रह रही थीं. खबरों के अनुसार जिस वक्त यह जानलेवा हमला हुआ वे एक कन्वीनियंस स्टोर संभाल रही थीं. पुलिस का मानना है कि यह वारदात लूटपाट के इरादे से की गई है हालांकि हत्या की असली वजह की अभी जांच की जा रही है. अमेरिकी पुलिस सीसीटीवी फुटेज को खंगालने और आरोपी की पहचान करने के लिए सबूत जुटाने में लगी है.

सीसीटीवी कैमरे में कैद हुई वारदात

दुकान के सीसीटीवी फुटेज में अंदर का नजारा साफ दिख रहा है. मेघना पटेल काउंटर के पीछे कैश रजिस्टर और लॉटरी टिकट वाले हिस्से के पास खड़ी नजर आ रही हैं. तभी कुछ ही देर में हुडेड जैकेट, फेस मास्क और कैलाफ्लाज पैंट पहने एक शख्स दुकान के अंदर आता है. संदिग्ध आरोपी दुकान के गलियारे में बेहद सामान्य ग्राहक की तरह आराम से घूमता हुआ दिखाई देता है. जब वह काउंटर के पास पहुंचता है तो मेघना पटेल से उसकी कुछ बातचीत होती है. जांचकर्ताओं का अंदाजा है कि आरोपी ने पहले कुछ खरीदने का नाटक किया और फिर अचानक उन पर हमला बोल दिया.

देखते ही देखते कुछ ही सेकेंडों में मामला हिंसक हो जाता है. सीसीटीवी फुटेज में काउंटर के पास अचानक हाथापाई होती दिखती है और तभी गोलियों की आवाज गूंज उठती है. हमले के दौरान दुकान का सामान भी इधर-उधर गिरता हुआ दिखाई देता है. इस गोलीबारी में मेघना पटेल गंभीर रूप से घायल हो गईं और बाद में उन्हें मृत घोषित कर दिया गया.

गोली मारकर फरार हुआ आरोपी

गोली मारने के बाद आरोपी ने काउंटर से तुरंत कुछ उठाया और दुकान से बाहर भाग निकला. सीसीटीवी फुटेज में सिर्फ दुकान के अंदर की घटना ही दिख रही है इसलिए यह साफ नहीं हो पाया है कि बाहर भागने के बाद वह किधर गया. इस दुखद खबर से गुजरात में मेघना के पैतृक गांव में मातम छाया हुआ है वहीं अमेरिकी पुलिस हमलावर को जल्द से जल्द पकड़ने के लिए लगातार छापेमारी कर रही है.