ग्रीस में एयर शो के दौरान बड़ा हादसा, करतब दिखाते समय F-4 फैंटम फाइटर जेट में लगी आग; 2 पायलटों की मौत

ग्रीस में शनिवार, 5 सितंबर को एयर शो के दौरान F-4 फैंटम फाइटर जेट दुर्घटनाग्रस्त हो गया. विमान में सवार दोनों पायलटों की मौत हो गई. हादसा एथेंस के उत्तर में तानाग्रा एयर बेस पर हुआ.

@TabzLIVE
Reepu Kumari

नई दिल्ली: ग्रीस में शनिवार को आयोजित एयर शो उस समय मातम में बदल गया, जब करतब दिखा रहा दो सीटों वाला F-4 फैंटम फाइटर जेट अचानक दुर्घटनाग्रस्त हो गया. विमान में दो पायलट सवार थे और दोनों की इस हादसे में मौत हो गई. हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई. सोशल मीडिया पर सामने आए वीडियो में विमान को नीचे गिरते और उसके बाद आसमान में काले धुएं का गुबार उठते देखा गया.

यह घटना एथेंस के उत्तर में स्थित तानाग्रा एयर बेस पर हुई. यहां आयोजित एयर शो में कई देशों की सैन्य और नागरिक विमानन टीमें हिस्सा ले रही थीं. F-4 फैंटम भी इसी कार्यक्रम में करतब दिखा रहा था. विमान दर्शकों के बनाए गए क्षेत्र से कुछ सौ मीटर की दूरी पर गिरा. घटना के बाद एयर बेस पर लगे लाउडस्पीकर से लोगों को इलाका खाली करने की अपील की गई.

हादसे के बाद शुरू हुआ बचाव अभियान

ग्रीस के एयरफोर्स अधिकारियों के मुताबिक, बचाव अभियान के दौरान दोनों पायलटों के शव बरामद कर लिए गए. हालांकि, शुरुआती चरण में एयरबेस परिसर में लगी आग के कारण राहत और बचाव कार्य प्रभावित हुआ. तानाग्रा एयरफोर्स बेस एथेंस से करीब 60 किलोमीटर उत्तर में स्थित है. हादसे के बाद आग पर काबू पाने और स्थिति संभालने के लिए बड़े स्तर पर अभियान चलाया गया.


आग बुझाने में जुटे दमकलकर्मी और विमान

आग पर काबू पाने के लिए 85 दमकलकर्मियों को तैनात किया गया. इसके अलावा 11 पानी गिराने वाले विमान और हेलीकॉप्टर भी राहत अभियान में लगाए गए. अधिकारियों के अनुसार, आग एयर शो में दर्शकों के लिए बनाए गए क्षेत्र से कुछ दूरी पर लगी थी. इसके बावजूद आसपास के इलाके में सुरक्षा को लेकर सावधानी बरती गई और लोगों को प्रभावित क्षेत्र से दूर रहने के निर्देश दिए गए.

हादसे के बाद रद्द हुआ एयर शो

F-4 फैंटम के दुर्घटनाग्रस्त होने के बाद आयोजकों ने सप्ताहांत में होने वाले बाकी सभी कार्यक्रम रद्द कर दिए. एयर शो का आयोजन एथेंस फ्लाइंग वीक के तहत किया जा रहा था. यह एक वार्षिक कार्यक्रम है, जिसमें सैन्य और नागरिक विमानन से जुड़ी टीमें हिस्सा लेती हैं. हादसे के बाद एयर बेस के पास एक इलाके में लगी आग को देखते हुए वहां मौजूद लोगों को बाहर निकलने का आदेश भी दिया गया.