कौन हैं मोरक्को की पहली महिला प्रधानमंत्री फातिमा एज्जरा अल मंसूरी? कैसा रहा मेयर से PM तक का सफर

मोरक्को के राजा मोहम्मद VI ने फातिमा एज्जरा अल मंसूरी को देश की पहली महिला प्रधानमंत्री नियुक्त किया है. 50 वर्षीय अल मंसूरी इससे पहले माराकेश की मेयर और शहरी विकास एवं आवास मंत्री रह चुकी हैं.

X (@QuesaVerdades)
Shanu Sharma

मोरक्को की राजनीति में 29 सितंबर 2026 का दिन अहम रहा. राजा मोहम्मद VI ने फातिमा एज्जरा अल मंसूरी को सरकार का मुखिया बनाते हुए नई सरकार बनाने की जिम्मेदारी दी है.

मोरक्को में ऐसा पहली बार होने जा रहा है जब किसी महिला को प्रधानमंत्री पद की जिम्मेदारी सौंपी गई है. उनकी नियुक्ति 23 सितंबर को हुए संसदीय चुनाव के बाद हुई, जिसमें उनकी पार्टी ऑथेंटिसिटी एंड मॉडर्निटी पार्टी यानी PAM सबसे अधिक सीटें जीतकर सबसे बड़ी पार्टी बनी.

PAM ने जीतीं 97 सीटें

मोरक्को के 395 सदस्यीय प्रतिनिधि सभा में PAM को 97 सीटें मिलीं. इसके बाद नेशनल रैली ऑफ इंडिपेंडेंट्स को 66 और इस्तिकलाल पार्टी को 65 सीटें हासिल हुईं. सरकार बनाने के लिए 198 सीटों का बहुमत जरूरी है, इसलिए अल मंसूरी को दूसरी पार्टियों के साथ बातचीत कर गठबंधन तैयार करना होगा. यही उनकी नई जिम्मेदारी की शुरुआती राजनीतिक चुनौती होगी. फातिमा एज्जरा अल मंसूरी पेशे से वकील हैं.


राजनीति में उनकी पहचान राष्ट्रीय स्तर पर पहुंचने से पहले स्थानीय प्रशासन में बनी. वह 2009 में महज 33 वर्ष की उम्र में माराकेश की मेयर चुनी गई थीं. इसके बाद उन्होंने शहरी विकास और स्थानीय बुनियादी ढांचे से जुड़े कामों में अपनी भूमिका निभाई. 2021 में वह दोबारा माराकेश की मेयर बनीं. उसी वर्ष उन्हें राष्ट्रीय क्षेत्र योजना, शहरी विकास, आवास और नगर नीति मंत्री की जिम्मेदारी भी मिली. वह 2026 तक इस पद पर रहीं.

शहरी विकास का लंबा अनुभव

अल मंसूरी की राजनीतिक पहचान में शहरी नियोजन और आवास से जुड़े काम अहम रहे हैं. मंत्री के तौर पर उनका फोकस आवास, शहरी विकास और शहरों की योजना से जुड़े मुद्दों पर रहा. माराकेश के स्थानीय प्रशासन से लेकर राष्ट्रीय सरकार तक का उनका अनुभव अब प्रधानमंत्री पद पर काम आएगा. इस नई सरकार के सामने मोरक्को में 2030 FIFA विश्व कप की तैयारियां भी महत्वपूर्ण जिम्मेदारियों में शामिल हैं. मोरक्को स्पेन और पुर्तगाल के साथ इस टूर्नामेंट की सह-मेजबानी करेगा. ऐसे में स्टेडियम, परिवहन, आवास और मेजबान शहरों के विकास से जुड़े बड़े काम सरकार के एजेंडे में रहेंगे.