अपनी बेटियों से रेप करने वाले हैवान पिता को 702 साल की जेल और 234 बेंत की सजा
बेटी से रेप करने वाले एक हैवान पिता को 702 साल की जेल और 234 बेंत की सजा सुनाई गई है.
नई दिल्ली. पिता और पुत्री के पवित्र रिश्ते पर कलंक लगाने वाले हैवान पिता को अपनी दो बेटियों के साथ रेप करने और उन्हें गर्भवती करने के लिए 702 साल की जेल और 234 बेंत मारने की सजा सुनाई गई है. रिपोर्ट के अनुसार 53 साल के एक व्यक्ति ने साल 2018 से 2023 कर अपनी दो बेटियों से 30 बार बलात्कार करने के अपराध को स्वीकार किया है. उसकी बेटियां अब 12 और 15 साल की हैं. इस जघन्य अपराध से पूरे शहर में हलचल है. वहीं अदालत ने भी फैसला सुनाते वक्त हैरानी जताई है. इसके साथ ही उन्होंने इस कृत्य को घोर अपराध करार दिया है. अदालत ने मामले में टिप्पणी भी की है कि दोनों सजाएं एक साथ ही होनी चाहिए.
यह घटना मलेशिया के जोहोर राज्य के मुआर इलाके से सामने आई है, जहां एक व्यक्ति ने बाप और बेटी के रिश्ते को ही कलंकित कर दिया है. साउथ चाइना मॉर्निंग पोस्ट के मुताबिक पिता के दुराचार के बाद उसकी बेटी गर्भवती हो गई थी. इस मामले पर अभियोजन पक्ष ने अपराध की गंभीरता को देखते हुए कड़ी सजा पर जोर दिया था.
इसके साथ यह भी कहा था कि इस कृत्य से बच्चों तो जीवनभर का आघात हुआ है. उस व्यक्ति के अपने कृत्य पर पछतावे के दावे के बावजूद न्यायाधीश ने कम सजा की अपील खारिज कर दी. न्यायाधीश ने सजा देते हुए आशा जताई कि यह सजा उस व्यक्ति को अपने कार्यों पर विचार करने और गंभीर गलतियों से सीखने के लिए प्रेरित करेगी. हालांकि उस व्यक्ति ने स्वयं अपनी गलती स्वीकार करते हुए कहा कि वह अपने कृत्यों की सजा को स्वीकार करता है.