IPL 2026 Weather IMD

US के साथ तनाव के बीच तेहरान में तेज धमाका, ईरान में बिल्डिंग से उठता दिखा धुएं का गुबार; देखें वीडियो

ईरान के तेहरान और शिराज प्रांतों में संदिग्ध आग और धमाकों की खबरों ने वैश्विक तनाव बढ़ा दिया है. अमेरिका द्वारा मध्य पूर्व में भारी सैन्य तैनाती और युद्ध की 90% संभावना वाली रिपोर्ट्स के बीच इन घटनाओं को बेहद संवेदनशील माना जा रहा है.

X/@IranIntl
Kanhaiya Kumar Jha

नई दिल्ली: मध्य पूर्व में युद्ध के बादल गहराने लगे हैं. बुधवार को ईरान के तेहरान प्रांत में संदिग्ध आग लगने और शिराज में रहस्यमयी धमाके की खबरों ने दुनिया भर के रक्षा विशेषज्ञों को चौकन्ना कर दिया है. यह घटनाक्रम ऐसे समय में सामने आया है जब अमेरिका और ईरान के बीच परमाणु कार्यक्रम को लेकर कूटनीतिक बातचीत लगभग टूटने की कगार पर है और युद्ध की आहट साफ सुनाई दे रही है.

ईरानी सरकारी ब्रॉडकास्टर IRIB की रिपोर्ट के अनुसार, बुधवार को तेहरान के परंद शहर में एक इमारत के ऊपर से गहरे काले धुएं का गुबार उठते देखा गया. सोशल मीडिया पर वायरल फुटेज के बाद यह कयास लगाए जाने लगे कि वहां कोई बड़ा धमाका हुआ है. हालांकि, बाद में परंद फायर विभाग ने स्पष्ट किया कि यह आग नदी किनारे सरकंडों में लगी थी, जिसे बुझाने का काम जारी है. गनीमत यह रही कि इस घटना में किसी के हताहत होने की खबर नहीं मिली.

अमेरिका की '90% युद्ध' वाली चेतावनी? 

ईरान के भीतर हो रही इन घटनाओं ने क्षेत्रीय तनाव को सातवें आसमान पर पहुंचा दिया है. 'एक्सियोस' (Axios) की एक रिपोर्ट ने आग में घी डालने का काम किया है, जिसमें एक व्हाइट हाउस अधिकारी के हवाले से दावा किया गया है कि आने वाले हफ्तों में अमेरिका की सैन्य कार्रवाई की संभावना 90 प्रतिशत तक है. रिपोर्ट के अनुसार, यदि कूटनीति विफल रहती है, तो कुछ ही दिनों के भीतर एक बड़ा सैन्य अभियान शुरू हो सकता है.