नई दिल्ली: नई दिल्ली: नाइजीरिया के मध्य हिस्से में स्थित प्लेटो राज्य में सोमवार सुबह एक दर्दनाक हादसा हुआ. एक खदान में अचानक गैस विस्फोट होने से कम से कम 38 लोगों की मौत हो गई, जबकि 27 अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए.
यह हादसा बाशार जिले के कंपालिन जुराक खनन स्थल पर हुआ. स्थानीय प्रशासन ने घटना की पुष्टि की है. हादसे के बाद राहत और बचाव अभियान तेजी से चलाया गया, लेकिन कई लोगों की जिंदगियां नहीं बचाई जा सकी.
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, विस्फोट सुबह लगभग साढ़े सात से आठ बजे के बीच हुआ. उस समय कई मजदूर जमीन के नीचे खनन कार्य में लगे थे. अचानक तेज धमाका हुआ और जहरीली गैस फैल गई. पास की खदान में काम कर रहे इब्राहिम दत्तिजो सानी ने बताया कि बचाव का प्रयास किया गया, लेकिन हालात बेहद गंभीर थे.
स्थानीय पारंपरिक शासक अलहाजी अलीयू अदामू इदरीस ने बताया कि अब तक 38 लोगों की मौत की पुष्टि हो चुकी है. एक गोपनीय सुरक्षा रिपोर्ट के मुताबिक, अधिकतर मौतें कार्बन मोनोऑक्साइड विषाक्तता के कारण हुई. घायलों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है.
कंपालिन जुराक, वासे जिले का पुराना खनन क्षेत्र है. यह स्थल सॉलिड यूनिट नाइजीरिया लिमिटेड द्वारा संचालित बताया गया है. प्लेटो राज्य ऐतिहासिक रूप से खनन के लिए प्रसिद्ध रहा है और इसकी राजधानी जोस को कभी 'टिन सिटी' कहा जाता था, हालांकि हाल के वर्षों में गतिविधियां धीमी पड़ी हैं.
नाइजीरिया में खनन से जुड़े हादसे नए नहीं हैं. सितंबर में जामफारा राज्य में भारी बारिश के दौरान एक अवैध खदान पर चट्टान गिरने से 18 लोगों की जान चली गई थी. सुरक्षा मानकों की अनदेखी अक्सर बड़ी दुर्घटनाओं का कारण बनती रही है.
सरकारी अधिकारियों का मानना है कि अवैध खनन ने क्षेत्र में अपराध और हिंसा को बढ़ावा दिया है. आपराधिक गिरोह जबरन वसूली करते हैं और सुरक्षा की कमी के कारण ऐसे हादसे बार-बार सामने आते हैं. ताजा घटना ने फिर से खनन सुरक्षा पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं.