'हमारे रिश्ते अच्छे हैं', डोनाल्ड ट्रंप ने किम जोंग उन के साथ शेयर की तस्वीर

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने उत्तर कोरिया के नेता किम जोंग उन के साथ अपनी पुरानी तस्वीर साझा कर दोनों के रिश्तों को लेकर टिप्पणी की है. यह बयान ऐसे समय आया है जब अमेरिका और दक्षिण कोरिया संयुक्त सैन्य अभ्यास की तैयारी में हैं.

X (@TrumpTruthOnX)
Shanu Sharma

उत्तर कोरिया के नेता किम जोंग उन और अमेरिका के बीच रिश्ते लंबे समय से तनावपूर्ण रहे हैं. हालांकि, डोनाल्ड ट्रंप के राष्ट्रपति रहते दोनों नेताओं के बीच कई बार सीधी बातचीत और मुलाकात भी हो चुकी है. अब ट्रंप ने किम जोंग उन की एक तस्वीर अपने सोशल मीडिया मंच ट्रुथ सोशल पर साझा की है.

तस्वीर के साथ ट्रंप ने कहा कि भले ही इस तस्वीर में दोनों नेताओं के बीच दोस्ताना माहौल नजर नहीं आ रहा हो, लेकिन ऐसी कई तस्वीरें भी हैं जिनमें वे साथ मुस्कुराते दिखाई देते हैं. ट्रंप ने यह भी कहा कि किम जोंग उन के साथ उनके संबंध अच्छे हैं.

सैन्य अभ्यास के बीच आया ट्रंप का बयान

ट्रंप का यह बयान ऐसे समय सामने आया है जब अमेरिका और दक्षिण कोरिया संयुक्त सैन्य अभ्यास करने जा रहे हैं. यह अभ्यास 17 से 27 अगस्त तक प्रस्तावित है. उत्तर कोरिया पहले ही इस सैन्य गतिविधि पर कड़ा विरोध जता चुका है. प्योंगयांग का मानना है कि अमेरिका और दक्षिण कोरिया का संयुक्त सैन्य अभ्यास उसकी सुरक्षा के लिए सीधा खतरा है. इसी वजह से ट्रंप की ओर से किम जोंग उन की तस्वीर साझा किए जाने को जानकार दोनों देशों के बीच जारी तनाव के बीच एक तरह के राजनीतिक तंज के तौर पर भी देख रहे हैं.


उत्तर कोरिया की नारजगी

उत्तर कोरिया के विदेश मंत्रालय ने अमेरिका, जापान और दक्षिण कोरिया के बीच बढ़ती सैन्य और रणनीतिक नजदीकी पर भी चिंता जताई है. मंत्रालय के एक प्रवक्ता ने आरोप लगाया कि तीनों देश मिलकर परमाणु सहयोग पर आधारित एक नए गठजोड़ की दिशा में आगे बढ़ रहे हैं. उत्तर कोरिया ने साफ संकेत दिया है कि वह इस स्थिति को चुपचाप स्वीकार नहीं करेगा. प्योंगयांग ने कहा है कि किसी भी नए खतरे का जवाब अपनी प्रतिरोधक क्षमता को मजबूत करके दिया जाएगा.

इस बार का खतरनाक अभ्यास

उत्तर कोरिया के विदेश मंत्रालय ने अमेरिका-दक्षिण कोरिया के सैन्य अभ्यास को आक्रामक कार्रवाई की तैयारी करार दिया है. सरकारी मीडिया के जरिए जारी बयान में कहा गया कि इस तरह की सैन्य गतिविधियों से क्षेत्र में अस्थिरता और बढ़ सकती है. उत्तर कोरिया का दावा है कि इस बार होने वाला अभ्यास पिछले वर्ष की तुलना में अधिक उकसावे वाला और खतरनाक है. हालांकि, अमेरिका और दक्षिण कोरिया की ओर से उत्तर कोरिया के इन आरोपों की पुष्टि नहीं की गई है.