जेफ्री एपस्टीन से क्या संबंध था? चुनाव प्रचार के दौरान पूछे गए सवाल का ट्रंप ने दिया जवाब
अमेरिका में अगले हफ्ते मध्यावधि चुनाव हैं. चुनाव को लेकर हुए तमाम सर्वेक्षणों में डोनाल्ड ट्रंप की पार्टी को हार मिलती दिखाई दे रही है.
अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप को ओहायो के चिलिकोथ में आयोजित रैली के दौरान जेफ्री एपस्टीन से जुड़े सवाल का सामना करना पड़ा. अगले सप्ताह होने वाले मध्यावधि चुनावों से पहले रिपब्लिकन सीनेटर जॉन हस्टेड के समर्थन में आयोजित इस रैली में एक प्रदर्शनकारी ने एपस्टीन का मुद्दा उठाया.
इसके जवाब में ट्रंप ने दावा किया कि उन्होंने करीब 20 साल पहले एपस्टीन को अपने क्लब से बाहर निकाल दिया था, क्योंकि उन्हें वह अजीब व्यक्ति लगा था. ट्रंप ने इसे अपना अच्छा फैसला बताया. उन्होंने यह भी कहा कि एपस्टीन का संबंध डेमोक्रेट्स से था.
Also Read
एपस्टीन मामले में ट्रंप पर कोई औपचारिक आरोप नहीं
ट्रंप का नाम एपस्टीन से जुड़े विवादों में चर्चा में रहा है, लेकिन इस मामले में उनके खिलाफ किसी गलत काम को लेकर औपचारिक आरोप नहीं लगाया गया है. ट्रंप ने रैली में प्रदर्शनकारियों को भी निशाने पर लिया और उन्हें कमजोर तथा बीमार मानसिकता वाला बताया. बता दें कि जेफ्री एपस्टीन पर नाबालिगों की यौन तस्करी से जुड़े आरोप थे. मुकदमे की सुनवाई का इंतजार करते हुए 2019 में संघीय हिरासत में उसकी मौत हो गई थी. अधिकारियों ने उसकी मौत को आत्महत्या बताया था.
सीनेटर हस्टेड के शरीर की तारीफ भी की
रैली के दौरान ट्रंप ने सीनेटर जॉन हस्टेड की शारीरिक बनावट की भी तारीफ की. उन्होंने कहा कि कॉलेज में फुटबॉल खेलने की जानकारी मिलने के बाद हस्टेड की छवि उन्हें क्लार्क केंट से सुपरमैन जैसी लगी. ट्रंप ने हस्टेड के शरीर और कंधों की मजबूती का जिक्र किया. इससे पहले यंग्सटाउन में आयोजित एक रैली में भी उन्होंने हस्टेड की शारीरिक बनावट, हाथों और एथलेटिक क्षमता की तारीफ की थी.