'ईरान से डील होने तक नहीं हटेगी होर्मुज से नाकाबंदी', ट्रंप ने नहीं मानी मुनीर की बात; कर दिया ये ऐलान
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा है कि ईरान से समझौता होने तक होर्मुज से नाकाबंदी नहीं हटेगी. इससे मिडिल ईस्ट में तनाव बढ़ गया है और सीजफायर खत्म होने के बाद हालात और बिगड़ सकते हैं.
नई दिल्ली: मध्य पूर्व में चल रहे बड़े संघर्ष की दिशा को लेकर अभी भी अनिश्चितता बनी हुई है. बातचीत का दूसरा चरण इस्लामाबाद में होना तय है, लेकिन ईरान ने अभी तक इसके लिए अपनी सहमति नहीं दी है. इसके अलावा अमेरिका और ईरान के बीच हुआ सीजफायर भी जल्द ही खत्म होने वाला है.
इन घटनाक्रमों के बीच अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने एक बार फिर ईरान को चेतावनी दी है. ट्रंप ने साफ कर दिया है कि होर्मुज जलडमरूमध्य पर लगी अमेरिकी नाकेबंदी तब तक नहीं हटाई जाएगी, जब तक ईरान के साथ कोई समझौता पक्का नहीं हो जाता.
ट्रंप ने क्या कहा?
अपनी घोषणा में ट्रंप ने साफ-साफ कहा कि ईरान को अमेरिका के सामने झुकना ही होगा और होर्मुज पर लगी नाकेबंदी तभी हटाई जाएगी जब अमेरिका की संतुष्टि के अनुसार कोई समझौता हो जाएगा. ऐसा करके ट्रंप ने पाकिस्तान के सेना प्रमुख फील्ड मार्शल आसिम मुनीर की सलाह को प्रभावी ढंग से नजरअंदाज कर दिया.
सूत्रों के अनुसार आसिम मुनीर ने ट्रंप को बताया था कि ईरानी बंदरगाहों पर अमेरिका द्वारा लगाई गई नाकेबंदी ही चल रही बातचीत में सबसे बड़ी बाधा है.
ट्रंप ने क्या लगाया आरोप?
अमेरिकी राष्ट्रपति ने दावा किया कि ये मीडिया संस्थान ईरान के साथ चल रहे संघर्ष के बारे में फर्जी खबरें फैला रहे हैं. उन्होंने कहा कि दुश्मन भ्रमित है क्योंकि वे भी इन्हीं मीडिया रिपोर्टों पर भरोसा करते हैं. हालांकि उन्हें पता है कि उनकी नौसेना पूरी तरह से तबाह हो चुकी है और उनकी वायुसेना भी बेकार हो गई है. जो अब अंधेरे रनवे तक ही सीमित होकर रह गई है.
ईरान के पास कोई भी एंटी-मिसाइल या एंटी-एयरक्राफ्ट रक्षा प्रणाली नहीं है. उनके कई प्रमुख नेताओं को खत्म कर दिया गया है. इसके अलावा देश में सत्ता परिवर्तन भी हुआ है. सबसे महत्वपूर्ण बात यह है कि जब तक कोई व्यापक समझौता नहीं हो जाता, हम होर्मुज पर लगी नाकेबंदी नहीं हटाएंगे.
ईरान को कितना हुआ नुकसान?
ट्रंप ने दावा किया कि ईरानी नेतृत्व को अपना तेल बेचने के लिए सैकड़ों जहाज भेजने पर मजबूर होना पड़ा है. ये जहाज मुख्य रूप से अमेरिका की ओर विशेष रूप से टेक्सास, लुइसियाना और अलास्का की ओर भेजे गए हैं. इस नाकेबंदी से ईरान पूरी तरह से तबाह हो रहा है. उन्हें हर दिन $500 मिलियन का नुकसान हो रहा है.