मेक्सिको और EU पर फूटा ट्रंप का टैरिफ बम, जानें कितने प्रतिशत टैरिफ लगाया
डोनाल्ड ट्रम्प ने शनिवार को मेक्सिको और यूरोपीय संघ के लिए नए टैरिफ पत्र जारी किए. हालांकि ट्रंप ने यह भी कहा कि अगर मेक्सिको या वहां की कंपनियां अमेरिका में उत्पादन या निर्माण का फैसला करती हैं, तो कोई टैरिफ नहीं लगेगा.
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने शनिवार को मेक्सिको और यूरोपीय संघ के लिए नए टैरिफ पत्र जारी किए. इन पत्रों में मेक्सिको से आयातित वस्तुओं पर 1 अगस्त 2025 से 30% टैरिफ लगाने की घोषणा की गई है.
मेक्सिको पर 30% टैरिफ की घोषणा
ट्रम्प ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ट्रुथ सोशल पर मेक्सिको के राष्ट्रपति को संबोधित पत्र में लिखा, “यह मेरे लिए बड़े सम्मान की बात है कि यह पत्र हमारे व्यापारिक रिश्तों की ताकत और प्रतिबद्धता को दर्शाता है, और यह तथ्य कि संयुक्त राज्य अमेरिका मेक्सिको के साथ काम करना जारी रखने को तैयार है.” हालांकि, उन्होंने मेक्सिको के ‘फेंटेनाइल संकट’ को नियंत्रित करने में असफलता पर चिंता जताई. पत्र में कहा गया, “मेक्सिको ने सीमा सुरक्षा में मेरी मदद की है, लेकिन जो मेक्सिको ने किया, वह पर्याप्त नहीं है. मेक्सिको अभी भी कार्टेल को रोक नहीं पाया है, जो पूरे उत्तरी अमेरिका को नार्को-तस्करी का अड्डा बनाने की कोशिश कर रहे हैं. जाहिर है, मैं ऐसा होने नहीं दे सकता!”
टैरिफ की शर्तें और चेतावनी
पत्र के अनुसार, 1 अगस्त 2025 से मेक्सिको से अमेरिका में आयातित सभी उत्पादों पर 30% टैरिफ लगेगा, जो क्षेत्रीय टैरिफ से अलग होगा. ट्रम्प ने चेतावनी दी कि उच्च टैरिफ से बचने के लिए ट्रांसशिप्ड वस्तुओं पर भी यह टैरिफ लागू होगा. उन्होंने कहा, “अगर मेक्सिको या वहां की कंपनियां अमेरिका में उत्पादन या निर्माण का फैसला करती हैं, तो कोई टैरिफ नहीं लगेगा. हम अनुमोदन को जल्दी, पेशेवर और नियमित रूप से, यानी कुछ हफ्तों में, पूरा करने के लिए हर संभव प्रयास करेंगे.”
प्रतिक्रिया और प्रभाव
ट्रम्प ने मेक्सिको को चेताया कि अगर वह टैरिफ बढ़ाने का फैसला करता है, तो उसकी राशि को अमेरिका के 30% टैरिफ में जोड़ा जाएगा. इस कदम से दोनों देशों के व्यापारिक रिश्तों पर गहरा प्रभाव पड़ सकता है, खासकर तब जब मेक्सिको कार्टेल और मादक पदार्थ तस्करी पर प्रभावी नियंत्रण नहीं दिखाता.