menu-icon
India Daily

'एक ही रात में ईरान को खत्म कर सकते हैं, शायद वह रात...', ट्रंप की तेहरान को सबसे बड़ी धमकी

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान को भीषण चेतावनी देते हुए कहा है कि उसे एक ही रात में नेस्तनाबूद किया जा सकता है. होर्मुज जलडमरूमध्य खोलने की समयसीमा खत्म होने से ठीक पहले इस बयान ने वैश्विक तनाव बढ़ा दिया है.

KanhaiyaaZee
'एक ही रात में ईरान को खत्म कर सकते हैं, शायद वह रात...',  ट्रंप की तेहरान को सबसे बड़ी धमकी
Courtesy: Social Media

नई दिल्ली: पश्चिम एशिया में युद्ध के बादल अब और गहरे हो गए हैं. ओवल ऑफिस में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान को लेकर अब तक का सबसे भयावह बयान दिया है. ट्रंप ने कहा कि ईरान को "एक ही रात में नेस्तनाबूद" किया जा सकता है और उन्होंने चेतावनी भरे लहजे में जोड़ा, "वह रात कल की भी हो सकती है." राष्ट्रपति की यह टिप्पणी उस समय आई है जब होर्मुज जलडमरूमध्य को खोलने के लिए तेहरान को दी गई समयसीमा (डेडलाइन) बेहद करीब पहुँच गई है.

ट्रंप ने संवाददाताओं से बातचीत में स्पष्ट किया कि मंगलवार रात 8 बजे (ET) ईरान के लिए अंतिम डेडलाइन है. इससे पहले ईस्टर संडे के अवसर पर ट्रंप ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'ट्रुथ सोशल' पर बेहद सख्त भाषा का इस्तेमाल करते हुए ईरान को जलडमरूमध्य खोलने के लिए कहा था. उन्होंने चेतावनी दी थी कि यदि ऐसा नहीं हुआ तो ईरान पर नर्क की बारिश होते हुए देखी जाएगी. ट्रंप ने साफ कर दिया है कि यदि इस बार भी डेडलाइन का पालन नहीं हुआ, तो अमेरिका, ईरान और उसके बुनियादी ढांचे पर व्यापक हमले शुरू कर देगा.

होर्मुज जलडमरूमध्य: तेहरान की अपनी दलील 

दूसरी ओर, तेहरान का रुख अब भी अड़ियल बना हुआ है. ईरान का दावा है कि होर्मुज जलडमरूमध्य सभी जहाजों के लिए खुला है, लेकिन इसमें अमेरिका और इजरायल को छूट नहीं दी गई है. तेहरान ने शर्त रखी है कि इन देशों के जहाजों को वहां से गुजरने के लिए 'ईरानी रिवोल्यूशनरी गार्ड कोर' (IRGC) के साथ समन्वय करना होगा और उनके नेविगेशन प्रोटोकॉल का पालन करना होगा.

गिराए गए F-15 जेट और पायलटों का रेस्क्यू 

यह तनाव तब और बढ़ गया जब IRGC ने अमेरिका के दो F-15 जेट विमानों को मार गिराया था. इसके बाद अमेरिकी सेना ने एक बड़ा सर्च एंड रेस्क्यू ऑपरेशन चलाकर उन दो पायलटों को बचाया जो वहां फंसे हुए थे. ट्रंप की ताजा धमकियां इसी घटनाक्रम और पिछले कई हफ्तों से जारी अल्टीमेटम की कड़ी हैं. उल्लेखनीय है कि 21 मार्च को भी ट्रंप ने 48 घंटे का समय दिया था, जिसे बाद में कई बार बढ़ाया गया.

पावर प्लांट और पुल होंगे मुख्य निशाना

ट्रंप ने अपने इरादे जाहिर करते हुए कहा है कि यदि ईरान ने नाकेबंदी खत्म नहीं की, तो उसके पावर प्लांट और पुलों को निशाना बनाया जाएगा. 'द वॉल स्ट्रीट जर्नल' को दिए इंटरव्यू में ट्रंप ने दो टूक कहा, 'अगर वे मंगलवार शाम तक कुछ नहीं करते हैं, तो उनके पास न कोई पावर प्लांट बचेगा और न ही कोई पुल खड़ा रहेगा.' यह बयान वैश्विक अर्थव्यवस्था और ईंधन आपूर्ति के लिहाज से बेहद चिंताजनक माना जा रहा है.