'आप भ्रमित हो रहे हैं...' AI तस्वीर के जरिए ट्रंप का बड़ा संदेश! ईरान समझौते से पहले सोशल मीडिया पोस्ट से मची खलबली

अमेरिकी राजनीति में एक बार फिर डोनाल्ड ट्रंप सुर्खियों में हैं. इस बार चर्चा का कारण कोई चुनावी रैली या बयान नहीं, बल्कि सोशल मीडिया पर साझा की गई एक AI निर्मित तस्वीर है.

Pinterest
Meenu Singh

नई दिल्ली: अमेरिकी राजनीति में एक बार फिर डोनाल्ड ट्रंप सुर्खियों में हैं. इस बार चर्चा का कारण कोई चुनावी रैली या बयान नहीं, बल्कि सोशल मीडिया पर साझा की गई एक एआई निर्मित तस्वीर है. इस तस्वीर में ट्रंप को बेहद प्रभावशाली और सैन्य नेतृत्व वाले अंदाज में दिखाया गया है, जिसने दुनियाभर के राजनीतिक विश्लेषकों और सोशल मीडिया यूजर्स का ध्यान अपनी ओर खींच लिया है. खास बात यह है कि यह पोस्ट ऐसे समय सामने आई है जब अमेरिका और ईरान के बीच संभावित शांति समझौते को लेकर अटकलें तेज हैं.

जानिए क्या है ट्रंप का पोस्ट

ट्रंप ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'ट्रुथ सोशल' पर यह तस्वीर साझा करते हुए लिखा कि, 'You're getting discombobulated' जिसका अर्थ है कि लोग वास्तविक स्थिति को लेकर भ्रमित हो रहे हैं तस्वीर में वह एक नौसैनिक जहाज पर खड़े दिखाई दे रहे हैं और उनके पीछे युद्धपोतों का बेड़ा तथा आसमान में उड़ते लड़ाकू विमान नजर आ रहे हैं. पूरे दृश्य को बेहद नाटकीय और शक्ति प्रदर्शन के रूप में प्रस्तुत किया गया है.

शांति समझौते को लेकर ट्रंप का दावा

ट्रंप ने हाल ही में संकेत दिया है कि अमेरिका और ईरान के बीच जल्द ही एक महत्वपूर्ण शांति समझौता हो सकता है. उनके अनुसार, यह समझौता क्षेत्रीय स्थिरता को मजबूत करने के साथ-साथ ईरान के परमाणु कार्यक्रम पर भी प्रभावी नियंत्रण सुनिश्चित करेगा. उन्होंने दावा किया कि प्रस्तावित व्यवस्था भविष्य में ईरान को परमाणु हथियार विकसित करने से रोकने में अहम भूमिका निभाएगी.


ओबामा काल के समझौते पर फिर साधा निशाना

पूर्व राष्ट्रपति बराक ओबामा के कार्यकाल में हुए परमाणु समझौते का जिक्र करते हुए ट्रंप ने एक बार फिर उसकी आलोचना की. उनका कहना है कि पुरानी व्यवस्था पर्याप्त रूप से प्रभावी नहीं थी और उससे ईरान को लाभ मिला. ट्रंप ने अपने संभावित समझौते को अधिक मजबूत और सुरक्षित बताते हुए कहा कि यह अमेरिका और उसके सहयोगियों के हितों की बेहतर रक्षा करेगा.

होर्मुज जलडमरूमध्य को लेकर भी बयान

ट्रंप ने यह भी कहा कि समझौता सफल होने पर होर्मुज जलडमरूमध्य में सामान्य गतिविधियां बहाल हो सकती हैं. यह समुद्री मार्ग वैश्विक तेल आपूर्ति के लिए बेहद महत्वपूर्ण माना जाता है. हालांकि उन्होंने यह भी संकेत दिया कि यदि कूटनीतिक प्रयास सफल नहीं होते हैं, तो अमेरिका के पास अन्य विकल्प भी मौजूद हैं.