भारत के बाद पाकिस्तान में भी 'कॉकरोच पार्टी' की एंट्री, शहबाज शरीफ और असीम मुनीर के खिलाफ छेड़ा अभियान
पाकिस्तान में 'कॉकरोच पार्टी पाकिस्तान' नाम से नया युवा आंदोलन सोशल मीडिया पर तेजी से उभर रहा है. संगठन भ्रष्टाचार, खराब गवर्नेंस और आर्थिक संकट के खिलाफ अभियान चला रहा है, हालांकि इसकी जमीनी ताकत को लेकर सवाल बने हुए हैं.
नई दिल्ली: भारत में कॉकरोच जनता पार्टी की चर्चा के बाद अब पाकिस्तान में भी इसी नाम से एक नया सामाजिक-राजनीतिक अभियान सामने आया है. 'कॉकरोच पार्टी पाकिस्तान' नाम का यह समूह सोशल मीडिया के जरिए युवाओं को जोड़ने का दावा कर रहा है. संगठन भ्रष्टाचार, आर्थिक संकट, ऊर्जा समस्या और शिक्षा सुधार जैसे मुद्दों को अपनी प्राथमिकता बता रहा है. सोशल मीडिया पर इसकी लोकप्रियता तेजी से बढ़ रही है, लेकिन यह अभी साफ नहीं है कि यह ऑनलाइन समर्थन को वास्तविक जनआंदोलन में बदल पाएगा या नहीं
कॉकरोच पार्टी पाकिस्तान ने कम समय में सोशल मीडिया पर बड़ी मौजूदगी दर्ज कराई है. इंस्टाग्राम पर इसके 1.12 लाख से अधिक फॉलोअर्स हैं. संगठन 'पाकिस्तान इसके लोगों का है, भ्रष्ट माफियाओं का नहीं' जैसे नारे के साथ युवाओं को जोड़ने की कोशिश कर रहा है. उपलब्ध जानकारी के अनुसार यह अकाउंट मई में बनाया गया था और इसे कनाडा से संचालित किया जा रहा है.
घोषणापत्र में किए कई बड़े वादे
संगठन ने अपने घोषणापत्र में भ्रष्टाचार के खिलाफ लड़ाई, पारदर्शिता, जवाबदेही और लोकतांत्रिक सुधारों को प्राथमिकता देने की बात कही है. इसके अलावा रोजगार के अवसर बढ़ाने, शिक्षा व्यवस्था मजबूत करने, ऊर्जा संकट दूर करने और पानी की समस्या के समाधान का भी वादा किया गया है. संगठन का दावा है कि वह आम नागरिकों, खासकर युवाओं की आवाज बनना चाहता है.
Also Read
संगठन विस्तार की तैयारी के संकेत
कॉकरोच पार्टी पाकिस्तान ने अपने कथित संगठन के विभिन्न पदों के लिए आवेदन भी आमंत्रित किए हैं. इससे संकेत मिल रहे हैं कि समूह केवल डिजिटल अभियान तक सीमित नहीं रहना चाहता. माना जा रहा है कि आने वाले समय में यह अपने संगठनात्मक ढांचे को मजबूत करने और अधिक लोगों को जोड़ने की दिशा में कदम बढ़ा सकता है.
भारत के आंदोलन से भी जुड़ रही चर्चा
इस नए अभियान की तुलना भारत में चर्चा में रही कॉकरोच जनता पार्टी से की जा रही है. भारत में छात्र आंदोलन के दौरान इस नाम को व्यापक पहचान मिली थी. हालांकि दोनों संगठनों के बीच किसी औपचारिक संबंध की पुष्टि नहीं हुई है. इसके बावजूद सोशल मीडिया पर दोनों को लेकर लगातार चर्चाएं हो रही हैं.
लोकप्रियता बढ़ी, लेकिन कई सवाल बाकी
सोशल मीडिया पर तेजी से बढ़ते समर्थन के बावजूद यह स्पष्ट नहीं है कि कॉकरोच पार्टी पाकिस्तान को जमीनी स्तर पर कितना जनसमर्थन हासिल है. राजनीतिक विश्लेषकों की नजर इस बात पर रहेगी कि क्या यह अभियान डिजिटल दुनिया से निकलकर प्रभावी जनआंदोलन का रूप ले पाता है. फिलहाल इसकी लोकप्रियता और भविष्य दोनों चर्चा का विषय बने हुए हैं.