चीन ने ईरान की तरफ बढ़ाया मदद का हाथ, मिनाब स्कूल अटैक में मारे गए छात्रों के परिवारों को देगा 2 लाख डॉलर
यह हमला 28 फरवरी को ईरान के दक्षिणी शहर मिनाब में स्थित शाजारेह तैय्येबेह गर्ल्स स्कूल पर हुआ था. इस हमले में 150 से अधिक बच्चों की मौत हुई थी जिसमें बड़ी संख्या में छात्राएं शामिल थीं.
मध्य पूर्व में जारी संघर्ष के बीच ईरान के एक स्कूल पर हुए मिसाइल हमले के बाद चीन ने पीड़ित परिवारों की मदद करने का फैसला किया है. चीन ने घोषणा की है कि वह इस घटना में मारे गए छात्रों के परिवारों को 2 लाख डॉलर की मानवीय सहायता देगा.
यह हमला 28 फरवरी को ईरान के दक्षिणी शहर मिनाब में स्थित शाजारेह तैय्येबेह गर्ल्स स्कूल पर हुआ था. इस हमले में 150 से अधिक बच्चों की मौत हुई थी जिसमें बड़ी संख्या में छात्राएं शामिल थीं. रिपोर्ट के अनुसार एक मिसाइल सीधे स्कूल की इमारत से टकराई, जिससे वहां मौजूद कई छात्राओं की मौत हो गई और कई लोग घायल हो गए.
हमले को लेकर गंभीर आरोप
ईरान की सरकार ने इस हमले के लिए अमेरिका और इजराइल को जिम्मेदार ठहराया है. तेहरान का कहना है कि यह हमला युद्ध के पहले ही दिन किया गया और इसमें आम नागरिकों को निशाना बनाया गया. इस हमले को लेकर जब अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप से सवाल पूछा गया तो उन्होंने कहा कि मैं इस आरोप के साथ जीने को तैयार हूं. घटना के बाद मृतकों के अंतिम संस्कार किए गए, जिसमें बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए. स्थानीय लोगों का कहना है कि स्कूल पर हमला बहुत दर्दनाक घटना है क्योंकि वहां पढ़ने वाले ज्यादातर बच्चे कम उम्र के थे.