दिलचस्प हुई अमेरिकी मिडटर्म चुनाव की जंग, ट्रंप के खिलाफ प्रचार में उतरे पूर्व राष्ट्रपति बराक ओबामा
अमेरिकी चुनाव से दस दिन पहले बराक ओबामा डेमोक्रेटिक उम्मीदवारों के समर्थन में उतर आए हैं. उनका लक्ष्य महंगाई, अर्थव्यवस्था और स्वास्थ्य सेवाओं जैसे मुद्दों पर मतदाताओं को जोड़ना है.
अमेरिका में चुनावी मुकाबले के बीच पूर्व राष्ट्रपति बराक ओबामा डेमोक्रेटिक पार्टी के उम्मीदवारों के समर्थन में प्रचार करने मैदान में उतर गए हैं. पार्टी को उम्मीद है कि उनकी लोकप्रियता और भाषण मतदाताओं को आकर्षित करने में मदद करेंगे. चुनाव से करीब 10 दिन पहले ओबामा ने शनिवार को ओहायो के क्लीवलैंड में सीनेट और गवर्नर पद के उम्मीदवारों के साथ रैली की. इसके बाद उन्होंने मिशिगन के डेट्रॉयट में भी प्रचार किया.
ट्रंप पर निशाना, महंगाई और खर्च का मुद्दा उठाया
क्लीवलैंड की रैली में ओबामा ने राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की नीतियों पर तीखे सवाल उठाए. उन्होंने ईरान युद्ध, बढ़ती महंगाई और आम लोगों के जीवन-यापन की लागत जैसे मुद्दों पर ट्रंप की आलोचना की. उन्होंने व्हाइट हाउस में सरकारी खर्च से किए जा रहे बदलावों पर भी तंज कसा. उनके भाषण के दौरान समर्थकों में खासा उत्साह देखने को मिला.
डेमोक्रेट्स को ओबामा से बड़ी उम्मीदें
डेमोक्रेटिक पार्टी के नेताओं का मानना है कि ओबामा चुनाव के अंतिम दौर में पार्टी के लिए अहम भूमिका निभा सकते हैं. एक डेमोक्रेटिक सांसद ने उन्हें पार्टी का सबसे प्रभावशाली प्रचारक बताते हुए कहा कि उनकी लोकप्रियता का इस्तेमाल करने का यह सही समय है.
Also Read
ओबामा के वरिष्ठ सलाहकार एरिक शुल्ट्ज के मुताबिक, पूर्व राष्ट्रपति उन क्षेत्रों में प्रचार कर रहे हैं, जहां उनकी मौजूदगी से डेमोक्रेटिक उम्मीदवारों को फायदा मिलने की उम्मीद है. पार्टी का उद्देश्य सीनेट और गवर्नर पद के करीबी मुकाबलों में उम्मीदवारों के समर्थन को मजबूत करना है.
ओहायो, मिशिगन और जॉर्जिया पर नजर
चुनाव में ओहायो और मिशिगन की सीनेट सीटों पर कड़ा मुकाबला माना जा रहा है. MS NOW के आकलन के अनुसार, इन दोनों राज्यों की सीनेट दौड़ को बराबरी का मुकाबला बताया गया है, जबकि जॉर्जिया में डेमोक्रेटिक उम्मीदवारों की स्थिति अपेक्षाकृत बेहतर मानी गई है.
क्लीवलैंड में ओबामा ने सीनेट उम्मीदवार शेरोड ब्राउन और गवर्नर पद की उम्मीदवार एमी एक्टन के समर्थन में प्रचार किया. डेट्रॉयट में उन्होंने सीनेट उम्मीदवार अब्दुल एल-सैय्यद और गवर्नर पद की उम्मीदवार जोसलिन बेन्सन के लिए मतदाताओं से समर्थन मांगा. बुधवार को अटलांटा में भी उनके प्रचार करने का कार्यक्रम है.
अर्थव्यवस्था और स्वास्थ्य सेवाएं होंगी प्रमुख मुद्दे
ओबामा अपने प्रचार में महंगे आवास, ऊर्जा की बढ़ती कीमतों, स्वास्थ्य सेवाओं और अर्थव्यवस्था पर ध्यान केंद्रित कर रहे हैं. उनके प्रचार अभियान से जुड़े लोगों के मुताबिक, वह वॉशिंगटन में भ्रष्टाचार, सत्ता के दुरुपयोग और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) के प्रभाव जैसे विषयों को भी उठा रहे हैं.
ओहायो के डेमोक्रेटिक सांसद ग्रेग लैंड्समैन ने कहा कि ओबामा चुनाव के महत्व को आम लोगों की रोजमर्रा की समस्याओं से जोड़कर समझाने में प्रभावी हैं. उनके मुताबिक, ओबामा डेमोक्रेट्स की आर्थिक और स्वास्थ्य नीतियों की तुलना रिपब्लिकन पार्टी के पिछले दो वर्षों के कामकाज से कर सकते हैं.
प्रचार अभियान के लिए जुटाए 15 मिलियन डॉलर
ओबामा केवल रैलियों के जरिए ही उम्मीदवारों की मदद नहीं कर रहे हैं. उनके करीबी एक व्यक्ति के मुताबिक, उन्होंने कार्यक्रमों, ईमेल और डाक अभियानों के माध्यम से डेमोक्रेटिक पार्टी के लिए 1.5 करोड़ डॉलर से अधिक जुटाए हैं. वह विभिन्न उम्मीदवारों के समर्थन में दो दर्जन से ज्यादा वीडियो भी रिकॉर्ड कर चुके हैं.
इन उम्मीदवारों में आयोवा से सीनेट के प्रत्याशी जोश तुरेक और मेन से ट्रॉय जैक्सन शामिल हैं. मई में उन्होंने टेक्सास में सीनेट उम्मीदवार जेम्स तालारिको और गवर्नर पद की उम्मीदवार जीना हिनोजोसा के साथ भी प्रचार किया था.
ट्रंप भी चुनाव प्रचार में सक्रिय
डोनाल्ड ट्रंप भी चुनाव से पहले मतदाताओं को अपने पक्ष में करने के लिए सक्रिय हैं. वह चुनाव से पहले 15 से अधिक राज्यों में प्रचार कर चुके हैं या उनके कार्यक्रम तय किए गए हैं. उनके अभियान में केंटकी, मोंटाना और अलबामा जैसे रिपब्लिकन समर्थक राज्यों के अलावा ओहायो, जॉर्जिया, टेक्सास और आयोवा जैसे प्रतिस्पर्धी राज्य भी शामिल हैं.
डेमोक्रेटिक नेताओं का मानना है कि ओबामा की मौजूदगी उन मतदाताओं तक पहुंचने में भी मदद कर सकती है, जो आमतौर पर राजनीति में कम दिलचस्पी लेते हैं. कुछ नेताओं के मुताबिक, पूर्व प्रथम महिला मिशेल ओबामा भी पार्टी के लिए उतनी ही प्रभावशाली प्रचारक साबित हो सकती हैं.