थाईलैंड की राजधानी बैंकॉक में सोमवार तड़के एक दर्दनाक हादसा हो गया. शहर के चटुचक जिले में स्थित लोकप्रिय 'ना लाडप्राओ' पब में अचानक भीषण आग लग गई, जिससे पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई. अधिकारियों के अनुसार, इस हादसे में अब तक कम से कम 27 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि कई अन्य घायल हुए हैं.
घटना के बाद दमकल विभाग और बचाव दल ने मौके पर पहुंचकर राहत कार्य शुरू कर दिया. मिल रही जानकारी के मुताबिक करीब आधे घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया गया, हालांकि तब तक बड़ा नुकसान हो चुका था.
हादसे के कई वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहे हैं. वीडियो में लोग अपनी जान बचाने के लिए इमारत से बाहर भागते नजर आ रहे हैं. धुएं ने कुछ ही मिनटों में पूरे भवन को अपनी चपेट में ले लिया, जिससे अंदर मौजूद लोगों के लिए बाहर निकलना बेहद मुश्किल हो गया.
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, कई लोग पब के पिछले हिस्से में बने रेस्टरूम तक पहुंच गए थे, लेकिन घने धुएं और आग के कारण वहां से बाहर नहीं निकल सके. बचाव दल को कई पीड़ितों के शव इसी हिस्से से मिले. अधिकारियों का मानना है कि धुएं के कारण दम घुटने से कई लोगों की मौत हुई.
WARNING: GRAPHIC
— RT Intl (@RT_on_X) July 12, 2026
Bodies piled inside Bangkok bar as victims TRAPPED by smoke and fire
Dozens DEAD after failing to escape inferno https://t.co/YPKFAEm2fd pic.twitter.com/62PgYl7O0V
थाईलैंड के प्रधानमंत्री अनुतिन चर्नविराकुल ने घटनास्थल का दौरा करने के बाद बताया कि हादसे की जांच जारी है. उनके अनुसार, पब में प्रस्तुति दे रहे एक संगीतकार ने बताया कि बिजली जाने से पहले स्टेज के पास लगे सर्किट ब्रेकर से धुआं निकलता दिखाई दिया. इसके कुछ ही क्षण बाद जोरदार धमाके की आवाज सुनाई दी और देखते ही देखते पूरा परिसर घने धुएं से भर गया. फिलहाल विशेषज्ञों की टीम आग लगने के वास्तविक कारणों की जांच कर रही है. प्रशासन ने कहा है कि जांच पूरी होने के बाद ही हादसे की असली वजह स्पष्ट हो सकेगी. हालांकि थाइलैंड में आग लगने की यह कोई पहली घटना नहीं है, इससे पहले 2022 में बी एक म्यूजिक पब में आग लग गई थी, जिसमें 14 लोगों की मौत हो गई थी और उससे पहले 2009 में लगी आग में 66 लोगों की मौत हो गई थी.