menu-icon
India Daily

कांगों में फिर कत्लेआम, मिलिशिया समूह के हमले में गई 70 लोगों की जान

Militia Attack In Congo: दुनिया के सबसे अशांत देशों में से एक लोकतांत्रिक कांगो गणराज्य से दर्दनाक हमले की खबर सामने आई है. क्षेत्रीय सशस्त्र समूह के हमले में कम से कम छह दर्जन से ज्यादा लोगों की मौत हो गई है. समाचार एजेंसी एपी की रिपोर्ट के मुताबिक, सेना अन्य शवों की तलाश कर रही है. पूर्वी हिस्से में चल रही लड़ाई अब देश के पश्चिमी हिस्से तक आ पहुंची है.

India Daily Live
कांगों में फिर कत्लेआम, मिलिशिया समूह के हमले में गई 70 लोगों की जान
Courtesy: Social Media

Militia Attack In Congo: दशकों से अशांत लोकतांत्रिक गणराज्य कांगो से एक दर्दनाक हमले की खबर सामने आई है. पश्चिमी कांगों के एक गांव पर हथियारबंद लोगों के हमले में नौ सैनिकों और एक सैनिक की पत्नी सहित कम से कम 70 लोग मारे गए. इस घटना के साथ ही दो प्रतिद्वंद्वी समुदायों के बीच जारी हिंसा और तेज हो गई है. स्थानीय अधिकारियों ने बताया कि यह हमला शनिवार को राजधानी किंशासा से लगभग 100 किलोमीटर (60 मील) पूर्व में किन्सेले गांव में हुआ. रिपोर्ट के अनुसार, हमलावर मोबोंडो मिलिशिया के सदस्य थे.यह एक सशस्त्र समूह है जो खुद को याका लोगों का रक्षक बताता है. 

मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, किन्सेले क्वामाउथ क्षेत्र में स्थित है यहां पिछले दो वर्षों से दो स्थानीय समुदायों - टेके और याका - के बीच संघर्ष चल रहा है. दोनों गुटों के संघर्ष के कारण सैकड़ों निर्दोष लोग मारे गए हैं. पूर्व में लड रहे सशस्त्र समूह के जंग की आग अब देश के पश्चिमी हिस्सों तक आ पहुंची है. 

स्थानीय अधिकारी ने बताई सच्चाई 

क्वामाउथ के प्रांतीय डिप्टी डेविड बिसाका ने फोन पर एसोसिएटेड प्रेस को बताया आज सुबह (सोमवार, 15 जुलाई) तक 72 शव मिल चुके हैं. झाड़ियों में अन्य शवों की तलाश जारी है. बिसाका ने बताया कि एक हफ्ते में दूसरी बार सेना ने मिलिशिया समूह को खदेड़ा है. सेना अन्य शवों की तलाश कर रही है. उन्होंने कहा कि मोबोंडो मिलिशिया समूह ने शुक्रवार को सबसे पहले इसी गांव पर हमला करने की कोशिश की थी. 

क्यों हो रही याका और टेके में लड़ाई

ह्यूमन राइट्स वॉच के अनुसार, क्वामाउथ क्षेत्र में भूमि और प्रथागत दावों को लेकर जून 2022 में वहां रहने वाले मूल निवासी और गैर-मूल निवासी समुदायों के बीच संघर्ष  शुरू हुआ था. जून 2022 में क्षेत्र के ऐतिहासिक निवासियों, टेके और हाल ही में कांगो नदी के पास बसने वाले याका सहित विभिन्न अन्य जातीय समूहों के किसानों के बीच भूमि अधिकारों और प्रथागत दावों को लेकर तनाव बढ़ गया.

नहीं सफल रहा समझौता 

हालांकि अप्रैल 2024 में कांगो के राष्ट्रपति फेलिक्स त्सेसीकेदी की उपस्थिति में दोनों पक्षों के बीच संघर्ष विराम समझौते हुआ था. समझौते के बाद भी दोनों पक्षों के बीच संघर्ष जारी है. हाल के समय में यह संघर्ष और व्यापक हो गया है, सेना जिसे रोकने में पूरी तरह विफल रही है. सेना देश के पूर्वी भाग में हिंसा को रोकने के लिए भी संघर्ष कर रही है. यह क्षेत्र सोने और प्राकृतिक संसाधनों से भरपूर है. इसलिए इस क्षेत्र पर कब्जा जमाने के लिए 120 से ज्यादा सशस्त्र समूह दशकों से आपस में लड़ रहे हैं.