'मुसलमानों के खिलाफ हिंदू-यहूदी गठजोड़', ईरान में चार देशों की बैठक में आसिम मुनीर के कथित बयान से मचा विवाद

ईरानी सुरक्षा अधिकारी मोहसिन रेजाई ने दावा किया है कि पाकिस्तान के सेना प्रमुख आसिम मुनीर ने 26 अक्टूबर की तेहरान बैठक में हिंदुओं और यहूदियों के बीच बढ़ते संबंधों को मुसलमानों और पाकिस्तान के लिए खतरा बताया था.

Pinterest
Km Jaya

ईरान के शीर्ष सुरक्षा अधिकारी मोहसिन रेजाई के एक दावे के बाद पाकिस्तान के सेना प्रमुख फील्ड मार्शल आसिम मुनीर को लेकर नया विवाद खड़ा हो गया है. रेजाई ने दावा किया है कि 26 अक्टूबर को तेहरान में हुई चार देशों की सुरक्षा बैठक में मुनीर ने हिंदुओं और यहूदियों के बीच बढ़ते संबंधों को मुसलमानों और पाकिस्तान के लिए बड़ा खतरा बताया था. 

हालांकि, मुनीर की ओर से इस कथित टिप्पणी की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हुई है. यह बैठक ईरान, पाकिस्तान, सऊदी अरब और तुर्की के प्रतिनिधियों के बीच हुई थी. ईरानी सुरक्षा प्रमुख के मुताबिक, बैठक में मुनीर ने इजरायल से पैदा होने वाले खतरे और हिंदुओं तथा यहूदियों के बीच बन रहे संबंधों का जिक्र किया. रेजाई के अनुसार, मुनीर ने इसे मुसलमानों और पाकिस्तान के खिलाफ भू-राजनीतिक एकजुटता बताया. 

हिंदू-यहूदी गठजोड़ बड़ा खतरा

तुर्की के खुफिया प्रमुख इब्राहिम कालिन और सऊदी अरब के रक्षा मंत्री प्रिंस खालिद बिन सलमान ने भी इजरायल से जुड़े क्षेत्रीय खतरे को लेकर चिंता जताई थी. पाकिस्तानी पत्रकार नजम सेठी ने भी रेजाई के बयान का हवाला देते हुए कहा कि मुनीर ने हिंदू-यहूदी गठजोड़ को बड़ा खतरा बताया था. हालांकि, यह दावा रेजाई और पाकिस्तानी मीडिया की रिपोर्टिंग पर आधारित है.


व्यापार और तकनीकी क्षेत्रों में संबंध मजबूत

भारत और इजरायल के बीच पिछले कुछ वर्षों में रक्षा, खुफिया सहयोग, आतंकवाद विरोधी प्रयास, व्यापार और तकनीकी क्षेत्रों में संबंध मजबूत हुए हैं. इसी पृष्ठभूमि में मुनीर के कथित बयान को भारत के साथ इजरायल की बढ़ती साझेदारी से जोड़कर देखा जा रहा है. 

इससे पहले भी आसिम मुनीर अपने भाषणों में हिंदू और मुस्लिम समुदायों के बीच धार्मिक और सांस्कृतिक अंतर का जिक्र कर चुके हैं. अप्रैल 2025 में उन्होंने टू-नेशन थ्योरी का भी उल्लेख किया था. यही वजह है कि रेजाई के हालिया दावे को उनके पुराने बयानों के संदर्भ में भी देखा जा रहा है.

कब हुई थी बैठक?

26 अक्टूबर की बैठक से कुछ दिन पहले 20 अक्टूबर को आसिम मुनीर तेहरान पहुंचे थे, जहां उन्होंने ईरान के राष्ट्रपति मसूद पेजेशकियन, संसद अध्यक्ष मोहम्मद बागेर गालिबाफ और मोहसिन रेजाई समेत कई नेताओं से मुलाकात की थी. वहीं, ईरानी दूतावास के मुताबिक बैठक से पहले भारत के राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजीत डोभाल ने भी रेजाई से फोन पर बातचीत की थी. 

चार देशों की बैठक ऐसे समय में हुई जब पश्चिम एशिया में इजरायल, ईरान और अमेरिका को लेकर तनाव बना हुआ है. रेजाई का दावा सामने आने के बाद इस कथित बातचीत को लेकर राजनीतिक और कूटनीतिक चर्चा तेज हो गई है, लेकिन मुनीर के कथित बयान की स्वतंत्र पुष्टि होना अभी बाकी है.