'रुको, रुको, रुको'! ला गार्डिया एयरपोर्ट पर विमान हादसे से पहले चिल्लाता रह गया ट्रैफिक कंट्रोलर, ऑडियो क्लिप वायरल
न्यूयॉर्क के व्यस्त ला गार्डिया एयरपोर्ट पर घटी घटना का एक ऑडियो क्लिप वायरल हो रही है. जिसमें ट्रैफिक कंट्रोलर को बार-बार रुको, रुको, रुको चिल्लाते हुए सुना गया.
न्यूयॉर्क के व्यस्त ला गार्डिया एयरपोर्ट पर रविवार रात एक बड़ी घटना घटी. जिसमें एयर कनाडा एक्सप्रेस का एक विमान रनवे पर फायर ट्रक से टकरा गया. इस टक्कर की वजह से कई लोग घायल हो गए. इस हादसे के बाद एयरपोर्ट पर उड़ानें रोक दी गईं. सोशल मीडिया पर एक ऑडियो क्लिप वायरल हो रही है, जिसमें एयर ट्रैफिक कंट्रोलर की घबराहट साफ सुनाई दे सकती है.
इस ऑडियो क्लिप में कंट्रोलर बार-बार रुको, रुको, रुको चिल्लाता हुआ सुना जा सकता है. हालांकि इस मामले में ट्रक को रनवे पार करने की अनुमति मिली थी, लेकिन उसी वक्त एयर कनाडा का विमान तेजी से आ रहा था. कंट्रोलर ने पहले फ्रंटियर फ्लाइट को रोकने की कोशिश की लेकिन फिर उम्मीद छोड़ते हुए रुको, ट्रक रुको कहते हुए सुने गए. आवाज आने के कुछ सेकंड बाद ही टक्कर हो गई. इसके बाद कंट्रोलर ने एक अन्य विमान को गो-अराउंड करने को कहा.
इस घटना में कई लोग घायल
एयर कनाडा के पायलट को बताया गया कि उनकी टक्कर एक गाड़ी से हुई है. विमान मॉन्ट्रियल से आ रहा था और इसे Jazz Aviation द्वारा संचालित था. एयर कनाडा एक्सप्रेस के तहत यह उड़ान थी. विमान लैंडिंग के बाद रनवे 4 पर करीब 39 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से ट्रक से टकराया.
मिल रही जानकारी के मुताबिक यह ट्रक एक फायर ब्रिगेड वाहन था. वह यूनाइटेड एयरलाइंस की एक फ्लाइट की मदद के लिए जा रहा था. रिपोर्टों में कहा गया कि दोनों पायलट के साथ फायर ट्रक के दो कर्मचारी भी गंभीर रूप से घायल हैं. उनके हाथ-पैर टूट गए. सभी घायलों को अस्पताल में भर्ती किया गया. उनकी हालत स्थिर बताई जा रही है. हालांकि यात्रियों को सुरक्षित निकाला गया है.
सोशल मीडिया पर वायरल हुआ वीडियो
सोशल मीडिया पर सामने आ रहे तस्वीरों में विमान का आगे का हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त दिख रहा है. रनवे पहले से ही गीला था, खराब मौसम पहले से उड़ानों में रुकावट पैदा कर रहा था. अमेरिकी फेडरल एविएशन एडमिनिस्ट्रेशन ने हादसे के बाद एयरपोर्ट पर ग्राउंड स्टॉप जारी किया. जिसके बाद सुबह तक सभी उड़ानें रोकी गईं, कई उड़ानें रद्द हुईं या डायवर्ट की गईं. न्यूयॉर्क की आपातकालीन टीम ने लोगों को चेतावनी दी. क्वींस इलाके में ट्रैफिक जाम और सड़कें बंद होने की आशंका जताई गई.
और पढ़ें
- देहरादून में चौंकाने वाला मामला, मृत महिला को जिंदा समझकर भटकते रहे परिजन; 4 अस्पतालों ने किया इलाज
- अर्जुन रामपाल ने ले लिया 26/11 का बदला, 17 सालों से ट्रामा में थे एक्टर, नहीं काट पा रहे थे बर्थडे केक!
- 17 एग्जाम में फेल होने के बाद भी नहीं टूटा हौसला...आखिरकार विवेक यादव बन गए IPS अधिकारी; जानें ड्राइवर के बेटे का सक्सेस स्टोरी