जीजा के प्यार में अंधी हुई तीन बच्चों की मां ने पति को जिंदा जलाया, CCTV से खुला राज; पीछे से माचिस जलाती दिखी पत्नी

तमिलनाडु के कल्लाकुरिची में तीन बच्चों की मां ने कथित प्रेम संबंध के कारण अपने पति को जिंदा जला दिया. पत्नी ने इसे आत्महत्या बताने की कोशिश की, लेकिन सीसीटीवी फुटेज से सच्चाई सामने आ गई.

Pinterest
Km Jaya

कल्लाकुरिची: तमिलनाडु के कल्लाकुरिची में तीन बच्चों की मां ने अपने पति को जिंदा जला दिया क्योंकि वह उसके और उसके जीजा के बीच चल रहे प्रेम-संबंध में रोड़ा बन रहा था. घटना के बाद उसने इस हत्या को आत्महत्या दिखाने की कोशिश की. महिला ने दावा किया कि उसके पति ने शराब के नशे में खुद को आग लगा ली थी. हालांकि CCTV फुटेज ने उसके झूठ का पर्दाफाश कर दिया. तमिलनाडु पुलिस ने महिला को हिरासत में ले लिया है और उससे पूछताछ कर रही है.

कल्लाकुरिची के पुलिस अधीक्षक एस. अरविंद के अनुसार 26 साल के एंथनी रॉबिन जो मामंडल रोड का रहने वाला था. सलेम के चिन्नातिरुप्पति इलाके में एक गैस कंपनी में काम करता था. वह वीकेंड पर घर पर रहता था. शनिवार रात को शराब पीने के बाद वह सो गया. 8 मार्च की सुबह-सुबह वह अचानक चीखते हुए घर से बाहर भागा और उसके शरीर में आग लगा हुआ था . उसकी हालत देखकर पड़ोसियों ने आग बुझाई और उसे कल्लाकुरिची के सरकारी अस्पताल पहुंचाया.

डॉक्टरों ने बताया कि एंथनी रॉबिन का शरीर 90 प्रतिशत तक जल गया था, इसलिए उसे बेहतर इलाज के लिए सलेम के एक अस्पताल में रेफर कर दिया गया. दो दिन के इलाज के बाद उसकी मौत हो गई.

पड़ोसियों ने क्या बताया?

पड़ोसियों से मिली जानकारी के आधार पर पुलिस ने जांच शुरू की. पूछताछ के दौरान, एंथनी की पत्नी अम्मू ने दावा किया कि उसके पति ने नशे की हालत में खुद को आग लगा ली थी. जांच में तब एक बड़ा मोड़ आया जब पुलिस को उनके घर के पास लगे एक CCTV कैमरे का फुटेज मिला. वीडियो में दिखा कि जब एंथनी घर से बाहर निकला, तो वह खुद को पोंछ रहा था. 

उस समय उसके शरीर में आग नहीं लगी थी. कुछ ही सेकंड बाद अम्मू उसके पीछे आई, उसने माचिस की तीली से उसके कपड़ों में आग लगा दी और फिर पीछे हट गई. यह घटना जो कुछ ही सेकंड में घटित हुई उसने पुलिस को एक अहम सुराग दिया.

क्या थी हत्या की वजह?

फिलहाल डिजिटल सबूतों के आधार पर उससे पूछताछ की जा रही है. आरोपी पत्नी अम्मू को भी हिरासत में ले लिया गया.  पुलिस को पता चला कि अम्मू और एंथनी रॉबिन की शादी को काफी समय हो चुका था. इस जोड़े के दो बेटे और एक बेटी भी है. काफी लंबे समय से अम्मू अपनी बहन के पति के साथ प्रेम-संबंध चला रही थी. रॉबिन ने अम्मू को इस रिश्ते को खत्म करने के लिए कई बार चेतावनी दी थी. नतीजतन, दोनों के बीच अक्सर झगड़े होते रहते थे.