Rakshabandhan 2026

गुरुग्राम में 271 करोड़ का घर, जानें किस कारोबारी ने खरीदा देश का सबसे महंगा आशियाना

मानव सरदाना ने गुरुग्राम के डीएलएफ द डहलियाज में करीब 271 करोड़ रुपये का पेंटहाउस खरीदा है. वह फरीदाबाद से शुरू हुए इंपीरियल ऑटो इंडस्ट्रीज से जुड़े कारोबारी परिवार से आते हैं.

@udayamdigital X Account
Km Jaya

गुरुग्राम: गुरुग्राम के गोल्फ कोर्स रोड स्थित डीएलएफ द डहलियाज में 271 करोड़ रुपये का पेंटहाउस खरीदने के बाद कारोबारी मानव सरदाना चर्चा में हैं. इस सौदे को भारत में किसी एक आवासीय अपार्टमेंट के लिए हुए सबसे महंगे सौदों में से एक बताया जा रहा है. इस खरीद ने गुरुग्राम के अल्ट्रा लग्जरी रियल एस्टेट बाजार में बढ़ती कीमतों और मांग को भी सुर्खियों में ला दिया है. 

मानव सरदाना फरीदाबाद स्थित इंपीरियल ऑटो इंडस्ट्रीज से जुड़े कारोबारी परिवार से आते हैं.  उनके पिता एस.बी. सरदाना और जगजीत सिंह ने वर्ष 1969 में फरीदाबाद में एक छोटी विनिर्माण इकाई के तौर पर इस कारोबार की शुरुआत की थी. करीब पांच दशकों के विस्तार के बाद यह कारोबार ऑटो कंपोनेंट मैन्युफैक्चरिंग क्षेत्र में एक जाना पहचाना नाम बन गया.

कंपनी में क्या-क्या उत्पाद बनाती है?

इंपीरियल ऑटो इंडस्ट्रीज ऑटोमोबाइल कंपनियों के लिए फ्लूइड ट्रांसमिशन से जुड़े उत्पाद बनाती है. कंपनी हाई प्रेशर पाइप, मेटल ट्यूब और रबर होज असेंबली जैसे ऑटो कंपोनेंट तैयार करती है. इलेक्ट्रोप्लेटिंग, ब्रेजिंग और रबर मिक्सिंग जैसी सुविधाएं भी कंपनी के मैन्युफैक्चरिंग नेटवर्क का हिस्सा रही हैं.


छोटी फैक्ट्री से बड़े कारोबारी साम्राज्य तक

1969 में शुरू हुई कंपनी ने समय के साथ भारत और विदेशों में अपना विस्तार किया. इसके भारत में 20 से अधिक और विदेशों में तीन बड़े मैन्युफैक्चरिंग प्लांट होने की जानकारी दी गई है. बाद में वैश्विक प्राइवेट इक्विटी फर्म वारबर्ग पिंकस ने कंपनी का अधिग्रहण किया. मानव सरदाना अभी भी व्यापक कारोबारी समूह से जुड़े हुए हैं.

271 करोड़ के पेंटहाउस में क्या खास है?

मानव सरदाना ने डीएलएफ द डहलियाज में करीब 271 करोड़ रुपये में पेंटहाउस खरीदा है. इसका सुपर एरिया करीब 17,200 वर्ग फीट और कारपेट एरिया करीब 10,500 वर्ग फीट बताया गया है. इस हिसाब से सुपर एरिया के आधार पर कीमत करीब 1.58 लाख रुपये प्रति वर्ग फीट और कारपेट एरिया के आधार पर करीब 2.6 लाख रुपये प्रति वर्ग फीट बैठती है.

इस सौदे ने गुरुग्राम के प्रीमियम रियल एस्टेट बाजार को देश के सबसे महंगे आवासीय बाजारों में शामिल कर दिया है.

40 हजार करोड़ का है द डहलियाज प्रोजेक्ट

डीएलएफ का द डहलियाज प्रोजेक्ट करीब 7.5 मिलियन वर्ग फीट में फैला है. इसकी कुल प्रोजेक्ट वैल्यू 40,000 करोड़ रुपये से अधिक बताई जाती है. प्रोजेक्ट में आठ टावर और कुल 420 सुपर लग्जरी घर हैं. इसमें 15 डुप्लेक्स पेंटहाउस और करीब 3.5 लाख वर्ग फीट का क्लबहाउस भी शामिल है.

इस प्रोजेक्ट में इससे पहले भी बड़े सौदे हो चुके हैं. एक दिल्ली एनसीआर के उद्योगपति ने यहां चार फ्लैट करीब 380 करोड़ रुपये में खरीदे थे. निवेशक मधुसूदन केला ने भी इसी प्रोजेक्ट में करीब 120.7 करोड़ रुपये का अपार्टमेंट खरीदा है.

द कैमेलियाज से भी आगे निकला द डहलियाज

गुरुग्राम में इससे पहले डीएलएफ का द कैमेलियाज अल्ट्रा लग्जरी प्रॉपर्टी के लिए जाना जाता था. यहां बर्कशायर हैथवे के उपाध्यक्ष अजीत जैन ने करीब 85 करोड़ रुपये का घर खरीदा था. उद्यमी ऋषि पार्टी ने इसी प्रोजेक्ट में करीब 190 करोड़ रुपये में पेंटहाउस खरीदा था.