IPL 2026

कैसा रहेगा कल का मौसम? लोगों से अगले 3 दिन संभलकर रहने की अपील; कई राज्यों में अलर्ट जारी

देश के बड़े हिस्से में 26 अप्रैल से 1 मई के बीच मौसम का मिजाज बदलने वाला है. उत्तर भारत में आंधी-बारिश. बिहार में भीषण तूफान और पूर्वोत्तर में अतिवृष्टि का अलर्ट जारी है जिससे जनजीवन प्रभावित होगा.

Social Media
Kanhaiya Kumar Jha

नई दिल्ली: भारतीय मौसम विज्ञान विभाग ने देश के अलग-अलग हिस्सों के लिए एक विस्तृत चेतावनी जारी की है. जिसमें उत्तर पूर्व और दक्षिण भारत के राज्य सीधे प्रभावित होंगे. उत्तर प्रदेश में जहां भीषण तपिश के बीच धूल भरी आंधी और बारिश की आशंका है, वहीं बिहार और पूर्वोत्तर राज्यों में कुदरत का उग्र रूप देखने को मिल सकता है. ऊंचे पहाड़ी इलाकों में बर्फबारी और मैदानी क्षेत्रों में ओलावृष्टि की संभावना ने किसानों और आम नागरिकों की भी काफी मुश्किलें बढ़ा दी हैं.

उत्तर प्रदेश के कई जिलों में 28 अप्रैल से 1 मई के बीच धूल भरी आंधी और बारिश की प्रबल संभावना है. लखनऊ में 26 अप्रैल को अधिकतम पारा 43 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है, जिससे लोगों को लू का सामना करना पड़ेगा. वहीं बिहार के 18 जिलों में 26 से 28 अप्रैल के बीच मौसम का मिजाज अत्यंत उग्र रहेगा. यहां 70 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से विनाशकारी हवाएं चल सकती हैं और बिजली गिरने का भी गंभीर खतरा बना हुआ है.

पहाड़ों पर बर्फबारी और झारखंड में ओलावृष्टि 

जम्मू-कश्मीर, लद्दाख और आसपास के पर्वतीय क्षेत्रों में 28 अप्रैल तक रुक-रुक कर बारिश और बर्फबारी का अनुमान लगाया गया है. हिमाचल प्रदेश के कुछ हिस्सों में भी 28 से लेकर 30 अप्रैल तक मौसम खराब रहने के आसार हैं. उत्तराखंड के विभिन्न इलाकों में 26 से 30 अप्रैल के बीच तेज हवाओं के साथ झमाझम बारिश हो सकती है. पड़ोसी राज्य झारखंड में 26 और 27 अप्रैल को ओले गिरने की संभावना है. इससे फसलों को व्यापक नुकसान पहुंचने का बड़ा खतरा है.

पूर्वोत्तर राज्यों में मूसलाधार बारिश का संकट असम, मेघालय और अरुणाचल प्रदेश में अगले एक हफ्ते तक मौसम की स्थिति चिंताजनक रहने वाली है. अरुणाचल प्रदेश में 27 अप्रैल से 1 मई के बीच कुछ स्थानों पर अत्यंत भारी बारिश होने की संभावना है. असम और मेघालय में भी इसी समयावधि के दौरान बादल जमकर बरसेंगे. पश्चिम बंगाल के उप-हिमालयी क्षेत्रों और सिक्किम में पूरे हफ्ते गरज-चमक के साथ 50 किमी की रफ्तार से हवाएं चलने की आशंका है. भारी बारिश के चलते यहां रहने वाले आम लोगों को सतर्क किया गया है.

मध्य और दक्षिण भारत में मौसम का मिजाज

मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ के इलाकों में 27 से 29 अप्रैल के बीच हल्की वर्षा होने का अनुमान है. दक्षिण भारत में तमिलनाडु, केरल, कर्नाटक, तेलंगाना और आंध्र प्रदेश में भी आंधी-बारिश का दौर देखने को मिलेगा. उत्तर आंतरिक कर्नाटक में 27 अप्रैल तक ओलावृष्टि की संभावना है. केरल और तमिलनाडु में बारिश के साथ उमस भी लोगों को काफी परेशान करने वाली है. तमिलनाडु और पुडुचेरी में 29 अप्रैल तक मौसम काफी चिपचिपा रहेगा, जिससे सामान्य जनजीवन पर प्रतिकूल असर पड़ने की संभावना है.

सावधानी और प्रशासनिक इंतजामों पर जोर 

मौसम विभाग ने बिजली गिरने और तेज आंधी के खतरों को देखते हुए लोगों से सुरक्षित स्थानों पर ही रहने की अपील की है. प्रशासन ने किसानों को निर्देश दिए हैं कि वे अपनी कटी हुई फसलों को जल्द से जल्द सुरक्षित स्थानों पर पहुंचा दें. वज्रपात की घटनाओं को कम करने के लिए मोबाइल फोन के इस्तेमाल और पेड़ों के नीचे शरण न लेने की हिदायत दी गई है. सरकार हर स्थिति पर नजर रखे हुए है ताकि किसी भी बड़ी अप्रिय घटना को टाला जा सके.