क्या है QUAD? भारत के लिए कितना जरूरी है यह समूह; इस बार की बैठक में क्या है खास

क्वाड भारत, अमेरिका, जापान और ऑस्ट्रेलिया का अनौपचारिक रणनीतिक मंच है, जिसकी शुरुआत 2004 की सुनामी के बाद हुए सहयोग से हुई थी.

@MEAIndia X Account
Km Jaya

दुनिया की राजनीति में इन दिनों क्वाड (QUAD) और आसियान (ASEAN) दो अहम कूटनीतिक मंच चर्चा में हैं. फिलीपींस की राजधानी मनीला में 17 नवंबर 2026 को क्वाड देशों के नेताओं की बैठक हो रही है. इसमें भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप, जापान की प्रधानमंत्री साने ताकाइची और ऑस्ट्रेलिया के प्रधानमंत्री एंथनी अल्बनीज शामिल हो रहे हैं. 

QUAD का पूरा नाम Quadrilateral Security Dialogue है. हिंदी में इसे चतुर्भुजीय सुरक्षा संवाद कहा जाता है. यह भारत, अमेरिका, जापान और ऑस्ट्रेलिया का एक अनौपचारिक रणनीतिक मंच है. इसके माध्यम से चारों देश हिंद-प्रशांत क्षेत्र की सुरक्षा, समुद्री सहयोग, व्यापार, तकनीक और वैश्विक चुनौतियों पर विचार-विमर्श करते हैं.

क्वाड का मुख्य उद्देश्य

क्वाड का मुख्य उद्देश्य हिंद-प्रशांत क्षेत्र को स्वतंत्र, खुला, समावेशी और सुरक्षित बनाए रखना है. इसके तहत समुद्री सुरक्षा, प्राकृतिक आपदाओं के दौरान राहत, जलवायु परिवर्तन, स्वास्थ्य, साइबर सुरक्षा और मजबूत सप्लाई चेन जैसे मुद्दों पर सहयोग किया जाता है. यह कोई औपचारिक सैन्य गठबंधन नहीं है, बल्कि आपसी सहयोग और रणनीतिक बातचीत का मंच है.


QUAD की शुरुआत कब और कैसे हुई?

क्वाड की शुरुआत की कहानी दिसंबर 2004 में आई विनाशकारी हिंद महासागर सुनामी से जुड़ी है. इस प्राकृतिक आपदा के बाद भारत, अमेरिका, जापान और ऑस्ट्रेलिया ने राहत एवं बचाव कार्यों में मिलकर काम किया था. चारों देशों ने राहत प्रयासों को बेहतर बनाने के लिए एक कोर ग्रुप बनाया. इसे ही क्वाड की शुरुआती कड़ी माना जाता है.

मई 2007 में चारों देशों के अधिकारियों की पहली बैठक हुई. उस समय जापान के तत्कालीन प्रधानमंत्री शिंजो आबे ने इस सहयोग को आगे बढ़ाने में अहम भूमिका निभाई थी. हालांकि, 2008 में ऑस्ट्रेलिया के पीछे हटने के बाद यह पहल कमजोर पड़ गई.

करीब एक दशक बाद नवंबर 2017 में चारों देशों ने क्वाड को फिर से सक्रिय किया. इसके बाद नियमित बैठकें शुरू हुईं और सहयोग का दायरा बढ़ता गया. सितंबर 2019 में विदेश मंत्रियों की पहली बैठक हुई. मार्च 2021 में चारों देशों के नेता पहली बार वीडियो कॉन्फ्रेंस के जरिए एक साथ जुड़े. सितंबर 2021 में पहली आमने-सामने की शिखर बैठक आयोजित हुई.

कोरोना महामारी में भी क्वाड ने निभाई अहम भूमिका

क्वाड का सहयोग केवल सुरक्षा और रणनीति तक सीमित नहीं है. कोरोना महामारी के दौरान भी चारों देशों ने वैक्सीन की उपलब्धता बढ़ाने और स्वास्थ्य क्षेत्र में सहयोग करने पर जोर दिया था. मार्च 2021 में हुई पहली क्वाड नेताओं की बैठक में वैक्सीन उत्पादन और उसकी व्यापक पहुंच सुनिश्चित करने पर चर्चा हुई.

इस पहल में भारत की वैक्सीन निर्माण क्षमता, अमेरिका और जापान के वित्तीय संसाधनों तथा ऑस्ट्रेलिया के लॉजिस्टिक नेटवर्क को महत्वपूर्ण माना गया. भारत की वैक्सीन मैत्री पहल की भी सराहना हुई. इसके अलावा साइबर सुरक्षा और तकनीकी चुनौतियों पर भी चारों देशों ने सहयोग बढ़ाने की बात कही.

मनीला में QUAD की बैठक क्यों है खास?

17 नवंबर 2026 को मनीला में हो रही क्वाड नेताओं की बैठक कई मायनों में महत्वपूर्ण है. जनवरी 2025 में दूसरी बार अमेरिकी राष्ट्रपति बनने के बाद यह डोनाल्ड ट्रंप की पहली क्वाड शिखर बैठक है. चारों देशों के नेता हिंद-प्रशांत क्षेत्र की सुरक्षा, समुद्री रास्तों की स्वतंत्रता, आर्थिक सहयोग और क्षेत्रीय स्थिरता जैसे मुद्दों पर चर्चा कर रहे हैं.

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और डोनाल्ड ट्रंप की संभावित मुलाकात को लेकर भी कूटनीतिक हलकों में चर्चा है. बदलते वैश्विक राजनीतिक समीकरणों के बीच इस बैठक से चारों देशों के आपसी संबंधों और रणनीतिक सहयोग को नई दिशा मिलने की उम्मीद है.

भारत के लिए QUAD और ASEAN क्यों महत्वपूर्ण हैं?

भारत के लिए क्वाड और आसियान दोनों ही विदेश नीति के लिहाज से महत्वपूर्ण हैं. क्वाड के जरिए भारत अमेरिका, जापान और ऑस्ट्रेलिया के साथ हिंद-प्रशांत क्षेत्र में सुरक्षा और रणनीतिक सहयोग मजबूत करता है. वहीं, आसियान के माध्यम से भारत दक्षिण-पूर्व एशियाई देशों के साथ व्यापार, निवेश, संपर्क और सांस्कृतिक संबंधों को आगे बढ़ाता है.

भारत की एक्ट ईस्ट नीति में ASEAN की महत्वपूर्ण भूमिका है. इन दोनों मंचों के जरिए भारत क्षेत्रीय स्थिरता, आर्थिक विकास और वैश्विक स्तर पर अपनी रणनीतिक भागीदारी को मजबूत करने की दिशा में काम कर रहा है.