अस्पताल में ड्यूटी कर रही थी नर्स, वहीं पेशेंट ने की छेड़छाड़, BJP ने कहा- फेल है ममता सरकार
पश्चिम बंगाल में महिलाओं के साथ छेड़छाड़ की 4 घटनाओं का जिक्र करते हुए अमित मालवीय ने कहा है कि पश्चिम बंगाल, महिलाओं के लिए सबसे असुरक्षित है. ममता बनर्जी किसी कानून का पालन नहीं कर रही हैं, वे न ही फास्ट ट्रैक कोर्ट्स को दिशा दे रही हैं, जिससे लोगों को रेप और पॉक्सो के मामलों में तेजी से न्याय मिले. वे राज्य के लिए आपदा हैं और उन्हें मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा दे देना चाहिए.
पश्चिम बंगाल के आरजी मेडिकल कॉलेज में हुए रेप केस का मामला अभी ठंडा नहीं पड़ा कि एक और यौन उत्पीड़न के केस ने राज्य को हिला दिया है. बीरभूम जिले में एक ड्यूटी पर तैनात नर्स के साथ एक मरीज ने छेड़छाड़ की है. यह अस्पताल भी सरकारी अस्पताल है. डॉक्टर, अब भी अपनी सुरक्षा को लेकर धरने पर बैठे हैं लेकिन सरकार, अस्पतालों में स्वास्थ्यकर्मियों को सुरक्षा मुहैया कराने में फेल हो रही है.
शनिवार रात बीरभूम में हुई इस घटना ने एक बार फिर राज्य सरकार पर सवाल खड़े किए हैं. लगातार हो रही ऐसी घटनाओं के बाद भी राज्य के अस्पतालों में अब भी क्यों सुरक्षा नहीं मुहैया कराई जा रही है, इसका जवाब देने से तृणमूल कांग्रेस सरकार बचती नजर आ रही है. 9 अगस्त को कोलकाता में ट्रेनी डॉक्टर की रेप के बाद हुई हत्या पर अब भी स्वास्थ्यकर्मी धरने पर हैं.
मरीज ने ऑन ड्यूटी नर्स से की बदसलूकी
बीरभूम में मरीज ने पहले नर्स को गंदे तरीके से छुआ फिर और यौन उत्पीड़न की कोशिश करने लगा. वह मरीज की ठंडी पट्टी कर रही थी, तभी उसने भद्दी हरकत कर दी. शख्स को बुखार था और उसे स्ट्रेचर पर लादकर अस्पताल लाया गया था. उसके परिजन भी साथ थे.
नर्स ने सुनाई आपबीती
पुलिस को दी गई शिकायत में नर्स ने कहा, 'मरीज को रात की शिफ्ट में लाया गया था. उसे बुखार की शिकायत थी. डॉक्टरों ने मुझे निर्देश दिया कि उसे पट्टी करूं. उसी दौरान उसने मुझे भद्दे तरीके से छुआ और गंदी-गंदी गालियां दी. हम सुरक्षा की कमी की वजह से यहां काम करने से डर रहे हैं. कैसे कोई मरीज ऐसे कर सकता है.' जैसे ही नर्स ने अपनी आपबीती सुनाई, अस्पताल प्रशासन सक्रिय हो गया और दबाव बनाने लगा. मरीज को पुलिस गिरफ्तार कर लिया है.
ममता बनर्जी नर्स पर ही मढ़ देंगी दोष!
बीजेपी आईटी सेल के हेड अमित मालवीय ने X पर पोस्ट किया, 'सितंबर के पहले ही दिन, यौन उत्पीड़न के 4 मामले सामने आए हैं. पहले इलामबाजार स्वास्थ्य केंद्र में महिला के साथ यौन उत्पीड़न हुआ है. शेख अब्बासुद्दीन ने नर्स के प्राइवेट पार्ट्स को छूआ है. ममता बनर्जी, महिलाओं को सुरक्षा देने की जगह, महिला के नाइट शिफ्ट में काम करने को जिम्मेदार ठहराएंगी.'
TMC सरकार पर भड़की हैं ममता बनर्जी
भारतीय जनता पार्टी पश्चिम बंगाल में ममता बनर्जी के खिलाफ राज्यव्यापी प्रदर्शन कर रही है. तृणमूल कांग्रेस पर बीजेपी का आरोप है कि राज्य सरकार, महिलाओं को सुरक्षा देने में फेल रही है. एक महिला के तौर पर ममता बनर्जी महिलाओं को सुरक्षा देने में नाकाम हो रही हैं. कोलकाता रेप केस की जांच सीबीआई कर रही है.