IPL 2026

पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के लिए कांग्रेस ने 284 उम्मीदवारों की पहली लिस्ट की जारी, अधीर रंजन चौधरी यहां से लड़ेंगे चुनाव

पश्चिम बंगाल की सबसे चर्चित सीटों में से एक भवानीपुर पर सभी की नजरें टिकी हुई हैं. इस सीट से CM ममता बनर्जी मैदान में है. कांग्रेस ने प्रदीप प्रसाद को अपना उम्मीदवार बनाया है.

Anuj

कोलकाता: पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव 2026 को लेकर राजनीतिक सरगर्मियां तेज हो गई हैं. इस बीच कांग्रेस पार्टी ने अपने उम्मीदवारों की पहली सूची जारी कर दी है. पार्टी ने 294 में से 284 सीटों पर प्रत्याशियों के नाम घोषित किए हैं, जबकि 10 सीटों पर उम्मीदवारों के नाम की घोषणा नहीं की गई है. खास बात यह है कि कांग्रेस इस बार राज्य में अकेले चुनाव लड़ने की तैयारी में जुटी हुई है.

कांग्रेस ने अपनी लिस्ट में वरिष्ठ नेताओं को भी तवज्जो दी है. सीनियर नेता अधीर रंजन चौधरी को बहरामपुर सीट से उम्मीदवार बनाया गया है. वह करीब तीन दशक बाद विधानसभा चुनाव लड़ेंगे, जिससे इस सीट पर मुकाबला दिलचस्प होने की संभावना बढ़ गई है. 

मालतीपुर सीट से मौसम नूर को टिकट

इसके अलावा पार्टी ने मौसम नूर को मालतीपुर से मैदान में उतारा है. कांग्रेस ने कई अन्य अनुभवी चेहरों को भी टिकट दिया है, ताकि चुनावी मुकाबले में मजबूती के साथ उतर सके. पार्टी का फोकस इस बार जमीनी स्तर पर पकड़ मजबूत करने और मतदाताओं को नए विकल्प देने पर है.

भवानीपुर से प्रदीप प्रसाद को बनाया उम्मीदवार

राज्य की सबसे चर्चित सीटों में से एक भवानीपुर पर भी सभी की नजरें टिकी हुई हैं. यहां से मुख्यमंत्री ममता बनर्जी चुनाव लड़ती हैं. कांग्रेस ने इस सीट से प्रदीप प्रसाद को उम्मीदवार बनाया है, जबकि भारतीय जनता पार्टी ने सुवेंदु अधिकारी को मैदान में उतारा है. ऐसे में इस सीट पर त्रिकोणीय मुकाबले की पूरी संभावना बन रही है.

कांग्रेस की चुनावी रणनीति

राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि कांग्रेस द्वारा वरिष्ठ नेताओं को मैदान में उतारना और अधिकतर सीटों पर उम्मीदवार घोषित करना उसकी रणनीति का हिस्सा है, जिससे वह राज्य में अपनी स्थिति मजबूत करने की कोशिश कर रही है. आने वाले दिनों में बाकी सीटों पर उम्मीदवारों की घोषणा के साथ चुनावी तस्वीर और साफ हो जाएगी.

दो चरणों में मतदान

पश्चिम बंगाल की कुल 294 सीटों पर मतदान दो चरणों में होगा. सभी सीटों के नतीजे एक साथ 4 मई 2026 को आएंगे. पश्चिम बंगाल की राजनीति में इस बार जोरदार मुकाबला होने वाला है. ममता बनर्जी की टीएमसी सत्ता बचाने की कोशिश करेगी, जबकि बीजेपी मजबूत चुनौती दे रही है.