West Bengal Assembly Election 2026 Assembly Election 2026

अगले 8 घंटे में यूपी-बिहार समेत 13 राज्यों में दिखेगा मौसम का कहर, IMD ने जारी किया भारी बारिश का अलर्ट

9 मई को देश के 13 राज्यों में बारिश, आंधी और बिजली गिरने की चेतावनी जारी की गई है. कई इलाकों में 75 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चल सकती है.

Pinterest
Km Jaya

नई दिल्ली: देशभर में मई की गर्मी के बीच मौसम ने अचानक करवट ले ली है. भारतीय मौसम विभाग के ताजा अपडेट के मुताबिक आज 9 मई 2026 को यूपी, बिहार समेत 13 राज्यों में बारिश, तेज आंधी और बिजली गिरने की चेतावनी जारी की गई है. कई इलाकों में हवा की रफ्तार 75 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है, जिससे लोगों की परेशानी बढ़ सकती है.

मौसम विभाग के अनुसार पश्चिमी विक्षोभ उत्तर-पश्चिमी उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड के आसपास सक्रिय है. इसके अलावा दक्षिण-पश्चिमी उत्तर प्रदेश के आसपास निचले स्तर पर चक्रवाती परिसंचरण बना हुआ है. इसी वजह से कई राज्यों में मौसम खराब रहने की संभावना है. मौसम विभाग ने लोगों, खासकर किसानों को खुले स्थानों पर जाने से बचने की सलाह दी है.

उत्तर-पश्चिम भारत में कैसा रहेगा मौसम?

उत्तर-पश्चिम भारत की बात करें तो दिल्ली में आज बारिश की संभावना नहीं है, लेकिन तेज गर्मी और लू लोगों को परेशान कर सकती है. पूर्वी उत्तर प्रदेश में शाम के समय गरज, बिजली और 30 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाओं के साथ हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है.

पहाड़ी क्षेत्रों में कैसा रहेगा मौसम?

हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, पंजाब, हरियाणा और जम्मू-कश्मीर में भी आने वाले दिनों में बारिश और तेज हवाओं का अलर्ट जारी किया गया है. कुछ इलाकों में 70 किलोमीटर प्रति घंटे तक हवा चल सकती है.

अन्य राज्यों के लिए क्या दी गई है चेतावनी?

पूर्वी भारत में बिहार, झारखंड, ओडिशा, पश्चिम बंगाल और सिक्किम में बारिश और वज्रपात की चेतावनी है. इन राज्यों में तेज हवाओं के साथ हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है. मध्य भारत में मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ और विदर्भ क्षेत्र में भी मौसम खराब रहेगा. मध्य प्रदेश में आज ओलावृष्टि की संभावना जताई गई है. यहां हवा की रफ्तार 70 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है.

पूर्वोत्तर राज्यों को लेकर क्या आया है अपडेट?

पूर्वोत्तर राज्यों असम, मेघालय, अरुणाचल प्रदेश, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में भी बारिश का दौर जारी रहेगा. कुछ इलाकों में भारी बारिश की संभावना है.

मौसम विभाग ने क्या दी है चेतावनी?

दक्षिण भारत में तमिलनाडु, केरल, कर्नाटक, आंध्र प्रदेश, पुडुचेरी और लक्षद्वीप में भी बारिश और तेज हवाओं का असर देखने को मिलेगा. मौसम विभाग ने लोगों से सतर्क रहने, बिजली गिरने के दौरान खुले मैदानों से दूर रहने और जरूरी होने पर ही यात्रा करने की अपील की है.