देश के इन राज्यों पर भारी बारिश और बाढ़ का खतरा, मौसम विभाग ने दी चेतावनी
31 जुलाई 2026 को भारत मौसम विभाग ने देश के 21 राज्यों में भारी से बहुत भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है. कई क्षेत्रों में तेज हवाएं, बिजली गिरने और अचानक बाढ़ का खतरा भी बताया गया है.
नई दिल्ली: भारत मौसम विभाग ने 31 जुलाई 2026 के लिए देश के 21 राज्यों में भारी से बहुत भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है. विभाग के अनुसार कई इलाकों में 30 से 65 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं. गरज चमक के साथ बिजली गिरने और अचानक बाढ़ आने का भी खतरा बना हुआ है.
मौसम विभाग के अनुसार उत्तर पश्चिम और पश्चिम मध्य भारत में अगले तीन से चार दिनों तक मानसून सामान्य से अधिक सक्रिय रहेगा. पश्चिम मध्य छत्तीसगढ़ और विदर्भ के आसपास बने गहरे अवदाब का असर कई राज्यों में दिखाई देगा. इसके चलते गुजरात, मध्य महाराष्ट्र, मराठवाड़ा, तेलंगाना और विदर्भ में भारी बारिश होने की संभावना जताई गई है.
अन्य जगहों पर कैसी है स्थिति?
पूर्वी और पश्चिमी मध्य प्रदेश, गुजरात, विदर्भ, मध्य महाराष्ट्र और पूर्वी राजस्थान के कुछ जिलों में अगले 24 घंटों के दौरान अचानक बाढ़ आने का खतरा भी व्यक्त किया गया है. वहीं अरब सागर और बंगाल की खाड़ी में खराब समुद्री मौसम को देखते हुए मछुआरों को समुद्र में नहीं जाने की सलाह दी गई है.
Also Read
मौसम विभाग ने क्या कहा?
मौसम विभाग ने हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, उत्तर प्रदेश, राजस्थान, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, बिहार, झारखंड, पश्चिम बंगाल और पूर्वोत्तर के कई राज्यों में गरज चमक के साथ बारिश का अलर्ट जारी किया है.
आने वाले दिनों में कैसा रहेगा मौसम?
दिल्ली में 31 जुलाई से 2 अगस्त तक हल्की से मध्यम बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है. इस दौरान तेज हवाएं चल सकती हैं और आसमान में बादल छाए रहेंगे. अधिकतम तापमान करीब 33 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है.
उत्तर प्रदेश में 31 जुलाई को पश्चिमी और पूर्वी हिस्सों में झमाझम बारिश के साथ 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं. तीन से पांच अगस्त तक राज्य के कई जिलों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है.
बिहार में 31 जुलाई से 5 अगस्त तक कई स्थानों पर भारी बारिश, तेज हवाएं और गरज चमक की संभावना जताई गई है. लोगों को जलभराव वाले क्षेत्रों से दूर रहने की सलाह दी गई है.
राजस्थान में दक्षिण पश्चिम मानसून पूरी तरह सक्रिय है. जयपुर, भरतपुर, अजमेर, उदयपुर और जोधपुर संभाग के कई हिस्सों में भारी से अत्यधिक भारी बारिश होने की संभावना है.
असम में कैसे है स्थिति?
असम में बाढ़ की स्थिति अब भी गंभीर बनी हुई है. अब तक बाढ़ से 78 लोगों की मौत हो चुकी है और तीन लाख से अधिक लोग प्रभावित हैं. वहीं उत्तराखंड में लगातार बारिश के कारण भूस्खलन और जलभराव का खतरा बना हुआ है. मौसम विभाग ने लोगों से मौसम संबंधी चेतावनियों का पालन करने और अनावश्यक यात्रा से बचने की अपील की है.