Weather IMD

मणिपुर में फिर हिंसा, 24 घंटे में चार कुकी लोगों की मौत; बच्चे के सामने माता-पिता को मारी गोली

मणिपुर में एक बार फिर हिंसा की घटनाओं ने चिंता बढ़ा दी है. पिछले 24 घंटों में अज्ञात हथियारबंद लोगों के हमलों में कुकी समुदाय के चार लोगों की मौत हो गई. एक महिला के लापता होने की भी सूचना है.

ANI
Shanu Sharma

मणिपुर के तमेंगलोंग जिले के टोलन गांव से एक बार फिर तनाव की खबर सामने आई है. यहां अज्ञात हथियारबंद लोगों ने एक परिवार को निशाना बनाया. हमले में सेनेह सिंगसिट और उनकी पत्नी लिंगजंगाई की मौत हो गई. उनका छह साल का बेटा भी गोली लगने से घायल हुआ है.

मिली जानकारी के मुताबिक महिला ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, जबकि गंभीर रूप से घायल उनके पति की अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हुई. बच्चे के शरीर में लगी गोली निकालने के लिए सर्जरी की जानी है. कुकी नागरिक समूहों ने इस हमले के लिए NSCN(IM) और ZUF(K) से जुड़े नागा उग्रवादियों को जिम्मेदार ठहराया है. हालांकि, इन आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है.

चावल ले जा रहे लोगों पर घात लगाकर हमला

राज्य में घटी दूसरी घटना में अज्ञात बंदूकधारियों ने चावल लेकर जा रहे लोगों के एक समूह पर कथित तौर पर घात लगाकर हमला किया. गोलीबारी में दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई. मृतकों की पहचान जूली गंगटे और थांगरोएल गंगटे के रूप में हुई है. इस घटना के बाद एक महिला के लापता होने की भी जानकारी सामने आई है. घटना नोनी जिले में हुई बताई गई है.


मणिपुर मुख्यमंत्री कार्यालय की ओर से जारी बयान में दो निर्दोष नागरिकों की हत्या पर गहरा दुख जताया गया. मुख्यमंत्री वाई. खेमचंद सिंह ने कहा कि आम नागरिकों के खिलाफ हिंसा की ऐसी घटनाएं स्वीकार नहीं की जा सकतीं और समाज में इनके लिए कोई स्थान नहीं है. सरकार की ओर से घटना को गंभीरता से लिए जाने की बात कही गई है.

कुकी-नागा संघर्ष का पुराना इतिहास

मणिपुर में कुकी और नागा समुदायों के बीच तनाव का पुराना इतिहास रहा है. 1992 में शुरू हुआ कुकी-नागा जातीय संघर्ष करीब छह साल तक चला था. इस दौरान 1,000 से अधिक लोगों की जान जाने की बात सामने आई थी. वहीं, 2023 में शुरू हुई कुकी-मैतेई हिंसा में भी 260 से अधिक लोगों की मौत हुई थी.

इस साल मई में कांगपोकपी जिले के एक गांव से नागा समुदाय के छह लोगों को कथित तौर पर बंधक बनाए जाने की घटना सामने आई थी. जून में कुकी बस्ती के पास उनके शव बरामद किए गए थे.