KBC-17 में 1 करोड़ जीतकर उत्तराखंड का शख्स बना सीजन का पहला करोड़पति, 7 करोड़ के सवाल पर भी लिया रिस्क
अमिताभ बच्चन के शो कौन बनेगा करोड़पति 17 में उत्तराखंड के आदित्य कुमार पहले ऐसे कंटेस्टेंट बने जिन्होंने 1 करोड़ रुपये जीतकर सीजन का पहला बड़ा रिकॉर्ड बनाया. आदित्य यहीं नहीं रुके, बल्कि उन्होंने 7 करोड़ रुपये के जैकपॉट सवाल पर भी दांव लगाने का फैसला किया.
11 अगस्त से शुरू हुआ कौन बनेगा करोड़पति 17 अपने पहले ही हफ्ते से दर्शकों को रोमांचक पलों का तोहफा दे रहा है. इस बार का शो अब और भी खास हो गया है क्योंकि उत्तराखंड के आदित्य कुमार ने मंच पर इतिहास रच दिया. उन्होंने सवालों का शानदार जवाब देकर 1 करोड़ रुपये की धनराशि जीती और साथ ही 7 करोड़ के जैकपॉट प्रश्न तक पहुंचने का साहस भी दिखाया.
सोनी टीवी द्वारा जारी ताजा प्रोमो में दिखाया गया कि आदित्य कुमार इस सीजन के पहले करोड़पति बने हैं. जब स्क्रीन पर 1 करोड़ रुपये जीतने का ऐलान हुआ तो पूरा स्टूडियो तालियों से गूंज उठा. अमिताभ बच्चन ने भी आदित्य की तारीफ करते हुए कहा कि यह उपलब्धि बेहद खास है क्योंकि उन्होंने अपने ज्ञान और आत्मविश्वास से यह मुकाम हासिल किया है.
मजेदार किस्सा सुनाकर हंसाया
प्रोमो में आदित्य ने अपनी जिंदगी का एक मजेदार किस्सा भी साझा किया. उन्होंने बताया कि कॉलेज के दिनों में उन्होंने दोस्तों के साथ एक अनोखा मजाक किया था. उन्होंने सबको कहा कि उनका कौन बनेगा करोड़पति में चयन हो गया है और शो की टीम शूटिंग के लिए आने वाली है. इस बात पर दोस्तों ने नए कपड़े भी बनवा लिए, लेकिन जब एक हफ्ते बाद उन्हें सच का पता चला तो सभी हैरान रह गए. आदित्य ने मुस्कुराते हुए कहा कि जब इस बार सच में उन्हें कॉल आया तो कोई यकीन ही नहीं कर रहा था.
बिग बी ने की तारीफ
आदित्य की इस कहानी को सुनकर अमिताभ बच्चन भी मुस्कुरा उठे. उन्होंने कहा कि 'आप सिर्फ शो तक ही नहीं पहुंचे हैं बल्कि खेल में बहुत आगे तक आ गए हैं.' इस मौके पर बिग बी ने आदित्य की हिम्मत और खेल भावना की जमकर सराहना की.
7 करोड़ का जोखिम
प्रोमो में आगे दिखाया गया कि आदित्य 16वें और अंतिम प्रश्न यानी 7 करोड़ रुपये के सवाल तक पहुंच गए. उन्होंने साफ कहा कि वे जोखिम उठाने के लिए तैयार हैं और अंतिम प्रश्न का प्रयास करेंगे. अब दर्शकों की निगाहें इस बात पर टिकी हैं कि क्या वे सही जवाब देकर सीजन के पहले 7 करोड़पति बनेंगे या फिर 75 लाख रुपये लेकर घर लौटेंगे. यह एपिसोड प्रसारित होने से पहले ही सोशल मीडिया पर खूब चर्चा का विषय बन गया है.