menu-icon
India Daily

राजस्थान रण फतह को लेकर केंद्रीय मंत्री मेघवाल का बड़ा दावा, जानें CM गहलोत ने पार्टी उम्मीदवारों को क्या दिये निर्देश?

राजस्थान विधानसभा चुनाव के नतीजों से पहले केंद्रीय मंत्री अर्जुन राम मेघवाल ने दावा किया है कि बीजेपी पूर्ण बहुमत के साथ राजस्थान में सरकार बनाएगी.

Avinash Kumar Singh
राजस्थान रण फतह को लेकर केंद्रीय मंत्री मेघवाल का बड़ा दावा, जानें CM गहलोत ने पार्टी उम्मीदवारों को क्या दिये निर्देश?

हाइलाइट्स

  • जीत को लेकर केंद्रीय मंत्री अर्जुन राम मेघवाल का बड़ा दावा
  • CM गहलोत ने स्पष्ट बहुमत से सूबे में सरकार बनाने का किया दावा

नई दिल्ली: राजस्थान विधानसभा चुनाव के नतीजों से पहले केंद्रीय मंत्री अर्जुन राम मेघवाल ने दावा किया है कि बीजेपी पूर्ण बहुमत के साथ राजस्थान में सरकार बनाएगी. अर्जुन राम मेघवाल ने बड़ा बयान देते हुए कहा "इस बात से हर कोई भलीभांति परिचित है कि बीजेपी राजस्थान में अपनी सरकार बनाने जा रही है. नतीजे कल तक स्पष्ट हो जाएंगे. इसमें कोई संदेह नहीं है कि हमें पूर्ण बहुमत मिलेगा और हम अपनी सरकार बनाएंगे."

'स्पष्ट बहुमत से सूबे में बनाएंगे सरकार'

राजस्थान में मतदान से पहले ही सीएम अशोक गहलोत, प्रदेश प्रभारी सुखजिंदर सिंह रंधावा और पीसीसी चीफ गोविंद सिंह डोटासरा ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए पार्टी उम्मीदवारों के साथ बैठक करके आगे की रणनीतियों की चर्चा की है. इसके बाद सीएम अशोक गहलोत ने बड़ा बयान देते हुए कहा "हम वॉर रूम में आए और उम्मीदवारों से बात की. वे मतगणना केंद्रों पर जाएंगे. वे जीत को लेकर उत्साहित और आश्वस्त हैं हम जीतेंगे और स्पष्ट बहुमत से सूबे में सरकार बनाएंगे"

जानें राजस्थान को लेकर एग्जिट पोल के क्या है आकड़े? 

इंडिया टुडे-एक्सिस माई इंडिया पोल के मुताबिक राजस्थान में कांग्रेस को 42 फीसदी वोटों के साथ 86-106 सीटें और बीजेपी को 41 फीसदी वोटों के समर्थन के साथ 80-100 सीटें मिलने की संभावना है. अन्य को सात प्रतिशत वोट और 9-18 सीटें मिलने की संभावना है. वहीं इंडिया टीवी-सीएनएक्स पोल में कांग्रेस को 43 फीसदी वोट के साथ 94-104 सीटें और बीजेपी को 42 फीसदी वोट शेयर के साथ 80-90 सीटें मिलने का अनुमान लगाया गया है. वहीं अन्य को 15 फीसदी वोट और 14-18 सीटें मिलने की उम्मीद है. 

टाइम्स नाउ-ईटीजी पोल ने कांग्रेस को 38.98 फीसदी वोट शेयर के साथ 56-72 सीटें, बीजेपी को 41.88 फीसदी वोट शेयर के साथ 108-128 सीटें और अन्य को 19.14 फीसदी वोट शेयर के साथ 13-21 सीटें मिलने की उम्मीद है. जन की बात पोल में बीजेपी को 44 फीसदी वोट शेयर के साथ 100-122 सीटें, कांग्रेस को 41 फीसदी वोट शेयर के साथ 62-85 सीटें दी गई और भविष्यवाणी की गई कि अन्य को 15 फीसदी वोट और 14-15 सीटें मिलेंगी. पी-मार्क पोल में कहा गया है कि राजस्थान में बीजेपी 42.2 फीसदी वोट शेयर के साथ 105-125 सीटें जीतेगी और कांग्रेस 39.7 फीसदी वोट के साथ 69-81 सीटें जीतेगी. इसमें कहा गया है कि अन्य को 18.1 प्रतिशत वोट के साथ 5-15 सीटें मिलने की संभावना है.