BRICS 2026

‘UNSC में सुधार अब टाला नहीं जा सकता’, BRICS मंच से पीएम मोदी का दुनिया को बड़ा संदेश

BRICS 2026 में पीएम मोदी ने संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद में सुधार की जरूरत पर जोर दिया. उन्होंने कहा कि UNSC सुधार अब टाला नहीं जा सकता और वैश्विक संस्थाओं में प्रतिनिधित्व बढ़ना चाहिए.

X
Ashutosh Rai

PM Modi BRICS Summit: दिल्ली में आयोजित 18वें BRICS शिखर सम्मेलन में भारत ने वैश्विक शासन में बदलाव की जरूरत उठाई. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सदस्य देशों के प्रतिनिधियों का भारत मंडपम में स्वागत किया. अपने संबोधन में उन्होंने UNSC सुधार, जवाबदेही और नियम बनाने में ग्लोबल साउथ की ज्यादा भागीदारी की बात कही.

UNSC सुधार पर पीएम मोदी का दो-टूक संदेश

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने BRICS सम्मेलन के मंच से संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद में सुधार की मांग को फिर जोरदार तरीके से उठाया. उन्होंने कहा कि UNSC में सुधार को अब और टाला नहीं जा सकता. पीएम मोदी ने इस प्रक्रिया को तय समयसीमा और ठोस नतीजों से जोड़ने की जरूरत बताई. उन्होंने कहा कि आज ग्लोबल साउथ वैश्विक संस्थाओं में आगे की कतार में दिखाई देता है लेकिन फैसले लेने की प्रक्रिया में उसकी भूमिका अभी भी पीछे है. भारत ने इसी अंतर को कम करने की जरूरत पर जोर दिया.

‘विशेषाधिकार के पिरामिड’ को बदलने की बात

पीएम मोदी ने कहा कि वैश्विक व्यवस्था में ‘विशेषाधिकार के पिरामिड’ की जगह ‘साझेदारी का मंच’ बनना चाहिए. उनका कहना था कि हर देश की आवाज सुनी जाए और हर सदस्य को उचित हिस्सेदारी मिले. उन्होंने BRICS देशों के सामने वैश्विक शासन में सुधार के लिए 10 प्रस्ताव तैयार करने का सुझाव भी रखा. पीएम मोदी के मुताबिक इन प्रस्तावों को अगले BRICS शिखर सम्मेलन तक ‘BRICS सुधार रोडमैप’ का रूप देने की कोशिश होनी चाहिए. उन्होंने रोडमैप के लिए प्रतिनिधित्व, जवाबदेही और नियम बनाने को तीन अहम स्तंभ बताया.


भारत मंडपम में प्रतिनिधियों का गर्मजोशी से स्वागत

दिल्ली में भारत की मेजबानी में हो रहे BRICS सम्मेलन में रूस, चीन, दक्षिण अफ्रीका और ब्राजील समेत सदस्य देशों के प्रतिनिधि पहुंचे. सम्मेलन के साझा घोषणापत्र के एजेंडे पर सदस्य देशों के बीच सहमति बनने की बात सामने आई है. दोपहर दो बजे के बाद प्रतिनिधि भारत मंडपम पहुंचे, जहां पीएम मोदी ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया. औपचारिक स्वागत के बाद प्रधानमंत्री ने प्रतिनिधियों को संबोधित किया और BRICS के लिए 350 से अधिक बैठकों तथा 30 शहरों में टीमों के स्वागत का जिक्र करते हुए सहयोग के लिए सभी देशों का धन्यवाद किया.