जम्मू कश्मीर के कुलगाम में आतंकी हमला, दो प्रवासी मजदूरों की गोली मारकर हत्या

जम्मू कश्मीर के कुलगाम जिले में आतंकियों ने दो प्रवासी मजदूरों पर हमला कर उनकी हत्या कर दी. दोनों मृतक छत्तीसगढ़ के रहने वाले थे. घटना के बाद सुरक्षा बलों ने इलाके में घेराबंदी कर तलाशी अभियान शुरू कर दिया है.

@ANI X Account
Km Jaya

नई दिल्ली: जम्मू कश्मीर के कुलगाम जिले में आतंकियों ने एक बार फिर आम नागरिकों को निशाना बनाया है. शुक्रवार शाम कुलगाम के केलम गांव में आतंकियों ने दो प्रवासी मजदूरों पर गोलीबारी कर दी. इस हमले में दोनों मजदूरों की मौत हो गई. मृतकों की पहचान छत्तीसगढ़ के रहने वाले दीपक और भूपेंद्र के रूप में हुई है.

पुलिस के अनुसार हमले के दौरान दीपक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि गंभीर रूप से घायल भूपेंद्र को अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया. घटना के बाद पूरे इलाके को घेरकर बड़े स्तर पर तलाशी अभियान शुरू कर दिया गया है. सुरक्षा बल हमलावरों की तलाश में लगातार अभियान चला रहे हैं.


इससे पहले कब हुई थी ऐसी घटना?

यह पिछले 10 दिनों के भीतर आतंकियों का दूसरा लक्षित हमला है. इससे पहले अनंतनाग में एक पुलिसकर्मी की आतंकियों ने गोली मारकर हत्या कर दी थी. उस घटना के बाद पुलिस ने घाटी में बड़े पैमाने पर अभियान चलाते हुए तीन हजार से अधिक संदिग्ध लोगों को हिरासत में लिया था.

मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने क्या कहा?

हालांकि जम्मू कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने इतने बड़े पैमाने पर की गई गिरफ्तारियों को लेकर चिंता जताई थी. उन्होंने कहा था कि इस तरह की कार्रवाई से हालात और बिगड़ सकते हैं.

यह हमला ऐसे समय हुआ है जब जम्मू कश्मीर में अमरनाथ यात्रा जारी है. यात्रा को सुरक्षित बनाने के लिए पहले से मौजूद सुरक्षा व्यवस्था के अलावा अर्धसैनिक बलों की 670 अतिरिक्त कंपनियां भी तैनात की गई हैं. इसके बावजूद आतंकियों द्वारा प्रवासी मजदूरों को निशाना बनाए जाने से सुरक्षा व्यवस्था को लेकर चिंता बढ़ गई है.

सुरक्षा एजेंसियों ने क्या लिया एक्शन?

सुरक्षा एजेंसियां हमले के पीछे शामिल आतंकियों की पहचान करने और उन्हें जल्द पकड़ने के लिए अभियान चला रही हैं. प्रशासन ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत पुलिस को देने की अपील की है.