Assembly Election 2026 West Bengal Assembly Election 2026

हर महीने 2500 रुपए, फ्री सिलेंडर और सोने की अंगूठी... तमिलनाडु चुनाव से पहले TVK चीफ विजय ने खोला लोकलुभावन वादों का पिटारा

महिलाओं को साधने के लिए TVK चीफ विजय ने मास्टरस्ट्रोक खेला है. हर महीने 2500 रुपए और 6 फ्री सिलेंडर के वादे के साथ और भी कई चीजें मिलेंगी...

X
Ashutosh Rai

तमिलनाडु विधानसभा चुनाव की सरगर्मियों के बीच अभिनेता से राजनेता बने थलपति विजय की पार्टी तमिलगा वेत्री कझगम (TVK) ने महिला वोटर्स को अपने पाले में करने के लिए पूरी ताकत झोंक दी है. अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के मौके पर ममल्लापुरम में आयोजित एक भव्य कार्यक्रम में विजय ने कई बड़े और लुभावने चुनावी वादे किए हैं. एक तरफ जहां विजय राजनीतिक पिच पर डार्क हॉर्स बनकर उभर रहे हैं. वहीं दूसरी ओर वे अपनी निजी जिंदगी में तलाक के कानूनी मुकदमों से भी जूझ रहे हैं.

TVK के घोषणापत्र में महिलाओं के लिए बड़े वादे

सत्तारूढ़ DMK और AIADMK-BJP गठबंधन को सीधी टक्कर देने उतरी TVK ने महिलाओं को सशक्त बनाने के लिए कई अहम घोषणाएं की हैं. सरकारी कर्मचारियों को छोड़कर, 60 वर्ष तक की आयु वाली सभी महिलाओं को हर महीने 2,500 रुपए की वित्तीय सहायता दी जाएगी. महंगाई से राहत देने के लिए इस योजना के तहत हर परिवार को साल भर में 6 LPG गैस सिलेंडर बिल्कुल मुफ्त दिए जाएंगे. स्कूलों में बच्चों की पढ़ाई न छूटे, यह सुनिश्चित करने के लिए माताओं या अभिभावकों को सालाना 15,000 रुपए की मदद मिलेगी. 

बेबी वेलकम किट से लेकर महिला अपराधों पर जीरो टॉलरेंस नीति

राज्य में जन्म लेने वाले हर नवजात बच्चे को सोने की अंगूठी और बेबी वेलकम किट दी जाएगी. इसके अलावा, युवतियों की शादी पर सिल्क की साड़ी और सोना दिया जाएगा. महिला अपराधों पर जीरो टॉलरेंस नीति के तहत फास्ट-ट्रैक कोर्ट बनेंगे. पब्लिक ट्रांसपोर्ट में स्मार्ट पैनिक बटन लगेंगे और पुलिस विभाग में एक विशेष 'रानी वेलु नचियार' यूनिट का गठन किया जाएगा. सरकारी बसों में महिलाओं के लिए मुफ्त यात्रा, स्वयं सहायता समूहों को 5 लाख रुपए तक का ब्याज-मुक्त लोन और राशन और स्कूलों के जरिए मुफ्त सैनिटरी पैड बांटे जाएंगे.

टूटने की कगार पर 25 साल पुरानी शादी

राजनीतिक मंच पर बड़े वादे कर रहे विजय इन दिनों अपनी पत्नी संगीता सोरनालिंगम के साथ तलाक के केस से भी गुजर रहे हैं. मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, संगीता ने 2026 की शुरुआत में चेंगलपट्टू की जिला अदालत में स्पेशल मैरिज एक्ट, 1954 के तहत तलाक की अर्जी दाखिल की है.