40 साल के टीचर के पास ट्यूशन पढ़ने गई नाबालिग से छेड़छाड़, भड़की भीड़, पीट-पीटकर की आरोपी की हत्या

Tripura Teacher Lynched: त्रिपुरा में एक नाबालिग छात्रा के यौन उत्पीड़न करने के आरोप में भीड़ ने स्कूल टीचर की पीट-पीटकर हत्या कर दी. पुलिस ने इस संबंध में प्राथमिकी दर्ज कर ली है, लेकिन कोई गिरफ्तारी नहीं हुई है. आरोप है कि 40 साल के टीचर ने उदयपुर शहर में ट्यूशन पढ़ाने के दौरान लड़की से छेड़छाड़ की थी.

social media
India Daily Live

Tripura Teacher Lynched: त्रिपुरा में गोमती में नाबालिग छात्रा से छेड़छाड़ के आरोप में भीड़ ने एक टीचर की पीट-पीटकर हत्या कर दी. त्रिपुरा के शिक्षक के खिलाफ बीएनएस की धारा 75 और 127 तथा पोक्सो अधिनियम की धारा 8 के तहत मामला दर्ज किया गया है. त्रिपुरा पुलिस ने घटना की पुष्टि की है. इस घटना के संबंध में प्राथमिकी दर्ज होने के बावजूद कोई गिरफ्तारी नहीं हुई है. 

मामला गोमती जिले के उदयपुर का बताया जा रहा है. पुलिस ने बताया कि एक नाबालिग छात्रा से छेड़छाड़ के आरोप में लोगों के एक समूह की ओर से पीटे जाने के दो दिन बाद रविवार को एक शिक्षक की मौत के बाद मामला दर्ज किया गया.

आठ अगस्त को टीचर ने छात्रा से की थी छेड़खानी

पुलिस के अनुसार, 40 साल के अभिजीत डे को 8 अगस्त को गिरफ्तार किया गया था, जब उस पर प्राइवेट ट्यूशन पढ़ने आई छात्रा से छेड़छाड़ का आरोप लगा था. भीड़ की ओर से पिटाई करने के बाद आरोपी टीचर अभिजीत डे को पुलिस थाने को सौंप दिया गया. 

असिस्टेंट आईजी (कानून एवं व्यवस्था) अनंत दास के मुताबिक, गंभीर हमले के बाद स्थानीय लोग उसे 8 अगस्त की रात उसकी पत्नी की मौजूदगी में आरके पुर पुलिस स्टेशन ले गए और उसके खिलाफ छेड़छाड़ का मामला दर्ज कराया. डॉक्टर की सलाह पर आरोपी रात भर स्थानीय स्वास्थ्य केंद्र में रहा.

बाद में गिरफ्तार कर लिया गया और शुक्रवार को स्थानीय अदालत से जमानत मिल गई. अनंत दास के मुताबिक, घर लौटने के बाद आरोपी टीचर की तबीयत बिगड़ गई और उसे अगरतला के जीबीपी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां शनिवार को इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई.

मृत टीचर के परिजन ने दर्ज कराई शिकायत

शिक्षक के परिवार वालों ने शिकायत दर्ज कराई है कि उसकी मौत चोटों की वजह से हुई है. गोमती जिले के एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि मामला दर्ज कर लिया गया है. शव का पोस्टमार्टम कराया गया है. रिपोर्ट मिलने के बाद ही हम मौत के कारण पर अपनी टिप्पणी दे सकते हैं. 

मुख्यमंत्री ने मॉब लिंचिंग की घटना की निंदा की

स्थानीय विधायक और वित्त मंत्री प्रणजीत सिंह रॉय ने आरोपी टीचर पर हमले की निंदा की. उन्होंने कहा कि किसी पर भी आरोप लग सकते हैं, लेकिन कानून को अपने हाथ में लेना अपराध है. वहीं, मुख्यमंत्री माणिक साहा ने कहा कि पुलिस अपराध में शामिल लोगों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करेगी.