हिमाचल प्रदेश में गुरुवार सुबह एक भीषण सडक हादसे ने लोगों को झकझोर दिया. चंडीगढ-मनाली नेशनल हाईवे पर हनोगी टनल के भीतर दो ट्रकों की आमने-सामने जोरदार भिडंत हो गई. जोरदार टक्कर की वजह से चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई. हादसे के बाद टनल के अंदर अफरातफरी का माहौल बन गया और हाईवे पर वाहनों की आवाजाही भी कुछ समय के लिए प्रभावित रही.
अधिकारियों के अनुसार, हादसा गुरुवार सुबह करीब 7:45 बजे हुआ. इस दौरान दोनों ओर से लगातार गाड़ियां गुजर रही थी. अचानक दो ट्रकों के बीच आमने-सामने टक्कर हो गई. टक्कर की आवाज और उसकी गंभीरता को देखते हुए आसपास मौजूद लोगों में भी दहशत फैल गई. सूचना मिलते ही पुलिस और बचाव दल तत्काल घटनास्थल पर पहुंच गए.
हादसे में सात अन्य लोग घायल हुए हैं. राहत और बचाव दल ने मौके पर पहुंचकर घायलों को बाहर निकाला और उन्हें उपचार के लिए नजदीकी अस्पताल पहुंचाया. घायलों की हालत गंभीर होने के कारण बाद में उन्हें नेरचौक मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया. अस्पताल में डॉक्टरों की निगरानी में उनका इलाज जारी है. पुलिस ने घटना की जानकारी देते हुए बताया कि इस हादसे के पीछे का कारण पता लगाया जा रहा है. फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि दोनों ट्रकों की भिडंत किस वजह से हुई. पुलिस दुर्घटना से जुडे सभी पहलुओं की जांच कर रही है.
दोनों ट्रकों की भिडंत के बाद हाईवे पर यातायात भी प्रभावित हुआ. बचाव और राहत कार्य के दौरान वाहनों की आवाजाही को नियंत्रित किया गया. पुलिस और संबंधित टीमों ने स्थिति को संभालने का प्रयास किया, जिसके बाद यातायात व्यवस्था को सामान्य किया गया. हादसे ने एक बार फिर पहाडी इलाकों में सडक सुरक्षा और वाहन चालकों की सावधानी की जरूरत को सामने ला दिया है.