IPL 2026

बिहार सहित देशभर में गरज-चमक के साथ झमाझम बारिश, इन राज्यों को मिलेगी गर्मी से राहत; IMD का येलो अलर्ट

भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने 10 मार्च 2026 को बिहार, झारखंड, पश्चिम बंगाल, सिक्किम, अरुणाचल प्रदेश समेत कई इलाकों में गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश का अलर्ट जारी किया है.

ANI
Reepu Kumari

नई दिल्ली: मार्च की शुरुआत में ही देश के कई हिस्सों में गर्मी अपना रौद्र रूप दिखा रही है. दिन हो या रात, उमस और तपिश से लोग परेशान हैं. ऐसे में IMD ने राहत की खबर दी है. बिहार समेत पूर्वी और उत्तर-पूर्वी राज्यों में नए सिस्टम के सक्रिय होने से बारिश और आंधी का दौर शुरू हो सकता है. वहीं पश्चिमी हिमालय में हल्की बर्फबारी और मैदानी इलाकों में लू का प्रकोप जारी रहेगा. यह बदलाव किसानों और आम लोगों के लिए राहत लेकर आया है. 

पश्चिमी हिमालय में बारिश-बर्फबारी का सिलसिला

पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से जम्मू-कश्मीर और हिमाचल प्रदेश में 10 से 12 मार्च तक छिटपुट से भारी बारिश और बर्फबारी हो सकती है. यहां 30-50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलेंगी. ओलावृष्टि की भी आशंका है. उत्तराखंड में भी हल्की बारिश और बर्फबारी के आसार हैं. यह सिलसिला 15 मार्च तक जारी रह सकता है. 

पूर्वी भारत में गरज-चमक के साथ बारिश

बिहार और झारखंड में 10-11 मार्च को गरज-बिजली के साथ हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है. तेज हवाएं 50 किमी प्रति घंटे तक पहुंच सकती हैं. उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम में 10 से 13 मार्च तक छिटपुट बारिश जारी रहेगी. गंगा के मैदानी पश्चिम बंगाल में भी हल्की बूंदाबांदी हो सकती है. यह मौसम बदलाव गर्मी से राहत देगा. 

उत्तर-पूर्व और दक्षिण में छिटपुट वर्षा

अरुणाचल प्रदेश में 9 से 15 मार्च तक गरज के साथ बारिश के आसार हैं. असम, मेघालय, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में 10 से 14 मार्च तक हल्की-मध्यम बारिश हो सकती है. केरल और माहे में 10 मार्च को छिटपुट वर्षा की संभावना है. ये इलाके मौसम के इस नए दौर से प्रभावित रहेंगे. 

गर्मी और लू का बढ़ता असर

राजस्थान, विदर्भ और गुजरात में लू चलने की चेतावनी है. जम्मू-कश्मीर और हिमाचल में तापमान सामान्य से 5-7 डिग्री अधिक रहेगा. उत्तर-पश्चिम मैदानों, गुजरात और मध्य प्रदेश में 11 मार्च तक 4-6 डिग्री की बढ़ोतरी संभव है. दिल्ली में अधिकतम तापमान 34-39 डिग्री के बीच रहेगा, गर्मी बढ़ेगी लेकिन बारिश नहीं. 

दिल्ली-यूपी में गर्मी का प्रकोप

दिल्ली में आज हल्के बादल छाए रहेंगे, लेकिन बारिश की उम्मीद कम है. अधिकतम तापमान 34-39 डिग्री तक जा सकता है. अगले कुछ दिनों में 2-3 डिग्री और बढ़ोतरी हो सकती है. उत्तर प्रदेश में भी यही हाल है. रात का तापमान सामान्य से ऊपर बना हुआ है, जिससे उमस बढ़ रही है. सावधानी बरतें.