menu-icon
India Daily

तेलंगाना: लड़के ने प्रिंसिपल को 27 बार मारा चाकू, अमीर बनने के चक्कर में 10वीं के 2 छात्रों ने की हत्या

तेलंगाना के नलगोंडा जिले में एक स्कूल प्रिंसिपल की हत्या के चौंकाने वाले मामले को पुलिस ने सुलझा लिया है. कोंडामल्लेपल्ली के नागार्जुन पब्लिक स्कूल की 48 वर्षीय प्रिंसिपल और डायरेक्टर, कल्लू रूपा रेड्डी की 12 अगस्त को उनके घर में हत्या कर दी गई थी.

Shilpa Shrivastava
तेलंगाना: लड़के ने प्रिंसिपल को 27 बार मारा चाकू, अमीर बनने के चक्कर में 10वीं के 2 छात्रों ने की हत्या
Courtesy: X

नलगोंडा: तेलंगाना के नलगोंडा जिले में एक स्कूल प्रिंसिपल की हत्या के चौंकाने वाले मामले को पुलिस ने सुलझा लिया है. कोंडामल्लेपल्ली के नागार्जुन पब्लिक स्कूल की 48 वर्षीय प्रिंसिपल और डायरेक्टर, कल्लू रूपा रेड्डी की 12 अगस्त को उनके घर में हत्या कर दी गई थी. जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि फोन बंद होने से ठीक पहले रूपा रेड्डी ने अपनी मौसी से बात करते हुए बाबू शब्द कहा था. इसी एक शब्द ने पुलिस का ध्यान स्कूल के छात्रों की तरफ खींचा.

पुलिस ने जब जांच आगे बढ़ाई और सीसीटीवी फुटेज खंगाले, तो 10वीं कक्षा के दो छात्रों पर शक हुआ जो घटना के बाद से स्कूल से गायब थे और दोस्तों के साथ जमकर पार्टियां कर रहे थे. हिरासत में लेने के बाद जब उनसे पूछताछ की गई, तो उन्होंने अपना जुर्म कबूल कर लिया. पूछताछ में पता चला कि दोनों आरोपी छात्र जल्दी पैसा कमाकर लग्जरी जिंदगी जीना चाहते थे. इसके लिए उन्होंने यूट्यूब और अन्य वीडियो प्लेटफॉर्म पर 'जल्दी पैसा कैसे कमाएं' जैसी चीजें भी सर्च की थीं.

प्रिंसिपल की डांट और हॉस्टल से निकाले जाने की रंजिश:

जांच में यह भी सामने आया कि कुछ समय पहले प्रिंसिपल रूपा रेड्डी ने हॉस्टल चेकिंग के दौरान इन छात्रों के बैग से नकद पैसे और मोबाइल फोन पकड़े थे. उन्होंने इसकी शिकायत छात्रों के माता-पिता से की थी, जिसके बाद दोनों को हॉस्टल से निकालकर डे-स्कॉलर (घर से स्कूल आने-जाने वाला) बना दिया गया था. इस बात को लेकर भी आरोपी छात्रों के मन में प्रिंसिपल के प्रति गुस्सा और रंजिश थी.

रेकी की, चाकू और ग्लव्स खरीदे:

आरोपियों ने चोरी की पूरी योजना 5 दिन में बनाई. उन्होंने प्रिंसिपल के घर की रेकी की और पहचान छुपाने के लिए चाकू, मंकी कैप और हाथों के दस्ताने (ग्लव्स) खरीदे जिससे पुलिस को उनके फिंगरप्रिंट्स न मिल सकें. 12 अगस्त को जब प्रिंसिपल के पति हैदराबाद गए हुए थे, तब एक आरोपी मंकी कैप पहनकर चोरी के इरादे से घर में घुसा.

पहचान उजागर होने के डर से 27 बार किया चाकू से वार:

कमरे में रखे 2.50 लाख रुपये चुराकर जब आरोपी भागने लगा, तभी उसकी मंकी कैप सरक गई और रूपा रेड्डी ने उसे पहचान लिया. पकड़े जाने के डर से आरोपी ने उन पर चाकू से ताबड़तोड़ 27 बार वार किए, जिससे मौके पर ही उनकी मौत हो गई.

हत्या के बाद आरोपियों ने खून से सने कपड़े और मंकी कैप को जमीन में गाड़कर सबूत मिटाने की कोशिश की. इसके बाद वे चुराए गए पैसों से मजे करने के लिए गोवा ट्रिप पर चले गए. पुलिस ने आरोपियों के पास से 1.54 लाख रुपये नकद (जिनमें कुछ नोटों पर खून के धब्बे थे), एक नया आईफोन और मृतका का मोबाइल फोन बरामद कर लिया है.