menu-icon
India Daily

राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा का ये असर है, तेलंगाना चुनाव में शुरुआती रुझानों के बाद बोली कांग्रेस

कांग्रेस (ACC) पर्यवेक्षक माणिकराव ठाकरे ने कहा कि केसीआर ने तेलंगाना में राजा-महाराजाओं जैसा व्यवहार किया. जबकि कांग्रेस ने तेलंगाना को राज्य का दर्जा दिया था और सभी की इच्छा थी कि यह एक अच्छा राज्य बनेगा, हालांकि ऐसा नहीं हुआ.

Naresh Chaudhary
राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा का ये असर है, तेलंगाना चुनाव में शुरुआती रुझानों के बाद बोली कांग्रेस

हाइलाइट्स

  • तेलंगाना की 119 विधानसभा सीटों पर जारी है मतगणना
  • एग्जिट पोल और काउंटिंग के शुरुआती रुझान से कांग्रेस गदगद

Telangana Elettion Result 2023: मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ और राजस्थान के साथ तेलंगाना में भी वोटों की गिनती शुरू हो गई है. इसी बीच तेलंगाना में अखिल भारतीय कांग्रेस (ACC) पर्यवेक्षक माणिकराव ठाकरे ने दावा किया है कि सबसे पुरानी पार्टी दक्षिणी राज्य में 70 से ज्यादा सीटें जीतेगी. उन्होंने तेलंगाना में पार्टी के पक्ष में बदलाव के लिए कांग्रेस नेता राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा को श्रेय दिया. माणिकराव ने न्यूज एजेंसी एएनआई से कहा कि पार्टी की प्रमुख नेता प्रियंका गांधी और मल्लिकार्जुन खड़गे ने लोगों को हमारी नीतियों के बारे में समझाया.

कांग्रेस ने केसीआर पर लगाए ये आरोप

उन्होंने स्पष्ट तौर पर कहा है कि राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा का बड़ा असर हुआ है. केसीआर ने तेलंगाना में राजा-महाराजाओं की तरह व्यवहार किया. जबकि कांग्रेस ने तेलंगाना को राज्य का दर्जा दिया था और सभी की इच्छा थी कि यह एक अच्छा राज्य बनेगा, हालांकि ऐसा नहीं हुआ. उन्होंने कहा कि कांग्रेस 70 से ज्यादा सीटें जीतेगी और एग्जिट पोल भी यही कह रहे हैं. उन्होंने सीएम केसीआर की आलोचना करते हुए कहा कि कांग्रेस ने सभी के साथ बातचीत करके जमीनी स्तर पर काम किया है. यही वह कारण था कि लोगों का कांग्रेस की ओर ध्यान गया. 

...फार्म हाउस से चलाई सरकार

माणिकराव ने कहा कि केसीआर ने विज्ञापन पर जैने कितना पैसा खर्च किया. उन्होंने अपने फार्महाउस से सरकार चलाई. किसी को रोजगार नहीं दिया. हमने सभी के साथ बैठकर और बात करके पार्टी को आगे बढ़ाया है. सभी काम सोच-समझकर किए गए.कार्यक्रम बनाया गया. इससे एक बेहतर माहौल बना और लोगों का ध्यान कांग्रेस की ओर गया. माणिकराव ने दावा किया है कि अब हम तेलंगाना में जीत सकते हैं. 

119 सीटों पर हुए विधानसभा चुनाव

बता दें कि तेलंगाना की 119 विधानसभा सीटों के लिए वोटों की गिनती आज सुबह 8 बजे शुरू हो गई है. जैसे-जैसे गिनती आगे बढ़ेगी, राष्ट्रीय और क्षेत्रीय दलों समेत 109 दलों के 2,290 उम्मीदवारों की किस्मत सामने आ जाएगी. इतना ही नहीं दोपहर तक नतीजों की स्पष्ट तस्वीर भी सामने आने की संभावना है. चार महत्वपूर्ण राज्यों राजस्थान, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ और तेलंगाना में विधानसभा चुनावों के नतीजे उन संभावित राजनीतिक बदलावों की भी तस्वीर को साफ करेंगे जो 2024 में लोकसभा चुनाव में दिखाई देंगे.