तेलंगाना में भीषण हादसा: डिवाइडर से टकराकर आग का गोला बनी वोल्वो कार, मशहूर न्यूरोसर्जन की जिंदा जलकर मौत

तेलंगाना के सूर्यपेट में रविवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में प्रसिद्ध न्यूरोसर्जन डॉ. कसाकुर्ती जगदीश की मौत हो गई. उनकी तेज रफ्तार वोल्वो कार डिवाइडर से टकराकर आग का गोला बन गई.

X
Sagar Bhardwaj

तेलंगाना के सूर्यपेट जिले में खम्मम-हैदराबाद हाईवे पर पिल्लामरी के पास रविवार सुबह करीब 7:15 बजे एक दर्दनाक हादसा हुआ. हैदराबाद के प्रसिद्ध न्यूरोसर्जन डॉ. कसाकुर्ती जगदीश की वोल्वो कार अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई और देखते ही देखते पूरी कार आग का गोला बन गई.

डिवाइडर से टकराने के बाद कार में लगी आग

शुरुआती जानकारी के अनुसार, कार की रफ्तार काफी तेज थी. अचानक नियंत्रण खोने के बाद गाड़ी सड़क के बीच बने डिवाइडर से जा टकराई. टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि वाहन में तुरंत भीषण आग लग गई, जिसने कुछ ही सेकंड में पूरी गाड़ी को अपनी चपेट में ले लिया.

दमकल टीम के पहुंचने से पहले डॉक्टर की मौत

घटना स्थल पर मौजूद राहगीरों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी. हालांकि, जब तक फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और आग पर काबू पाया, तब तक कार पूरी तरह जलकर खाक हो चुकी थी. कार के अंदर फंसे डॉक्टर की दम घुटने और आग में बुरी तरह झुलसने के कारण मौके पर ही मौत हो गई.


 झपकी आने की आशंका, जांच में जुटी पुलिस

मृतक की पहचान गाड़ी के रजिस्ट्रेशन नंबर से खम्मम के ममता अस्पताल में कार्यरत न्यूरोसर्जन डॉ. कसाकुर्ती जगदीश के रूप में हुई. वे खम्मम से काम निपटाकर हैदराबाद में अपने परिवार से मिलने जा रहे थे. पुलिस को आशंका है कि गाड़ी चलाते समय डॉक्टर को झपकी आ गई होगी. फोरेंसिक टीम ने साक्ष्य जुटाकर जांच शुरू कर दी है.