59 सालों में पहली बार तमिलनाडु को मिलेंगे कांग्रेस मंत्री, 2 विधायक कल लेंगे शपथ
कांग्रेस के महासचिव केसी वेणुगोपाल ने बुधवार को कहा कि विधायक राजेश कुमार और पी विश्वनाथन कल सीएम विजय की कैबिनेट में शामिल होंगे.
तमिलनाडु में कल कांग्रेस के दो विधायक मंत्री पद की शपथ लेंगे. कांग्रेस के महासचिव केसी वेणुगोपाल ने बुधवार को यह जानकारी दी. विधायक राजेश कुमार और पी विश्वनाथन कल सीएम विजय की कैबिनेट में शामिल होंगे. वेणुगोपाल ने इसको लेकर ट्वीट कर कहा, 'यह हमारे लिए ऐतिहासिक क्षण है क्योंकि 59 साल के अंतराल के बाद कांग्रेस तमिलनाडु कैबिनेट में शामिल हो रही है.'
पूर्ण बहुमत हासिल नहीं कर पाई थी टीवीके
बता दें कि कांग्रेस ने अपने 5 विधायकों के साथ विजय की टीवीके पार्टी को समर्थन दिया है. हाल ही में हुए विधानसभा चुनाव में टीवीके सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरी थी लेकिन वह पूर्ण बहुमत हासिल नहीं कर सकी थी.
सामाजिक न्याय के आधार पर काम करने वाले नेता मंत्रिमंडल में शामिल हों
लोक निर्माण विभाग (PWD) और खेल विकास मंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री का इरादा है कि सामाजिक न्याय के आधार पर काम करने वाले नेता और पार्टियां इसमें शामिल हों. अर्जुन ने मीडियाकर्मियों से कहा, 'मुख्यमंत्री मंत्रिमंडल में शामिल होने वाले विधायकों के बारे में औपचारिक घोषणा करेंगे. उन्होंने इस बात पर जोर दिया है कि गठबंधन दलों को मंत्रिमंडल में शामिल होना चाहिए. इसी तरह वामपंथी दलों ने हमें बाहर से समर्थन देने का फैसला किया है. हम इसका हमेशा सम्मान करेंगे. यह सरकार सामाजिक न्याय की सरकार होगी और हम धर्मनिरपेक्ष नीति पर दृढ़ हैं.'
उन्होंने कहा कि टीवीके ने विदूतलाई चिरुथाइगल काची (VCK) के प्रमुख थिरुमावलवन को मंत्रिमंडल में शामिल होने के लिए आमंत्रित किया है. हम विनम्रतापूर्वक निवेदन करते हैं कि इंडियन यूनियन मुस्लिम लीग (IUML) के हमारे इस्लामी भाइयों को भी मंत्रीमंडल में शामिल किया जाए. हमने इस बात पर नेताओं के समक्ष जोर दिया है.
इस बीच सीएम विजय के लिए मुश्किल खड़ी होती दिख रही है क्योंकि उनकी गठबंधन सरकार के एक सहयोगी दल (CPI-M) ने राज्य के मंत्रिमंडल में प्रतिद्वंद्वी AIADMK को शामिल ना करने की चेतावनी दी है.